CM Yogi AdityanathCM Yogi Adityanath
Spread the love

CM Yogi Adityanath:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए एक विशेष पत्र (पाती) लिखा है। अपने संदेश में सीएम योगी ने महर्षि वाल्मीकि को भारतीय संस्कृति और मानवता का महान मार्गदर्शक बताया है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित अमर महाकाव्य रामायण का संदेश सत्य, धर्म, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की सीख देता है, जो युगों-युगों तक पूरे समाज का मार्गदर्शन करता रहेगा।

सामाजिक समरसता और आदर्श समाज की परिकल्पना

CM Yogi Adityanath :मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने भगवान श्रीराम के चरित्र के जरिए एक ऐसे आदर्श समाज की रूपरेखा पेश की है, जिसमें प्रेम, न्याय, समरसता और बंधुत्व की भावना सर्वोपरि है। उन्होंने निषादराज और भगवान श्रीराम की ऐतिहासिक मित्रता का उदाहरण देते हुए कहा कि सामाजिक दायरों से ऊपर उठकर आपसी आत्मीयता, सम्मान और समानता का भाव ही समाज को एकजुट रखता है। इसके साथ ही, उन्होंने रामराज्य की अवधारणा को हर नागरिक के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण से जुड़ा हुआ बताया।

वाल्मीकि से जुड़े धार्मिक स्थलों का हो रहा विकास

CM Yogi Adityanath :सीएम योगी ने बताया कि राज्य सरकार महर्षि वाल्मीकि के जीवन-दर्शन से युवाओं और श्रद्धालुओं को जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। इसके तहत चित्रकूट में उनके साधना स्थल के विकास की पहल की गई है। इसके अलावा, बिठूर स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम के संरक्षण और पर्यटन विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखना उनकी महान विरासत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाता है, और राज्य में जयंती पर घोषित सार्वजनिक अवकाश उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि का प्रतीक है।

वंचित वर्गों के उत्थान और कल्याण पर जोर

CM Yogi Adityanath :मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं को वास्तविक रूप देने के लिए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान और सुरक्षा देना आवश्यक है। सरकार स्वच्छता कर्मियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इसके अलावा, वनटांगिया गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा देने के साथ-साथ मुसहर, कोल, थारू और घुमंतू जैसी जातियों के विकास के लिए आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। पात्र परिवारों को भूमि के अधिकार देकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। अंत में, सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि वे समाज से भेदभाव की दीवारें मिटाकर एक समरस और सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लें।

read this:- मुरैना: जीगनी सहकारी समिति में नकली डीएपी खाद के आरोपों पर किसानों का हंगामा