GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के मुरार इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालने को लेकर हुआ विवाद अचानक गोलीबारी में बदल गया। आरोप है कि दो दबंग युवकों ने गार्डन संचालक के साथ जमकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। बात यहीं खत्म नहीं हुई, एक युवक घर से अपनी लाइसेंसी बंदूक ले आया और दहशत फैलाने के इरादे से दो हवाई फायर कर दिए। घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बुलेट के पटाखे की आवाज से भड़का विवाद

घटना मुरार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पटेल नगर (काशीपुरा) की है। पीड़ित 20 वर्षीय अमन कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि वह अपने मैरिज गार्डन के दफ्तर में बैठा हुआ था, तभी बाहर बुलेट के साइलेंसर से पटाखा छूटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी। कुछ ही देर बाद इलाके में रहने वाले मन्नू उर्फ मनोज शर्मा और करण शर्मा वहां पहुंचे और अमन पर बुलेट सवार को पनाह देने का शक जताते हुए पूछताछ करने लगे। जब अमन ने इस बात से पूरी तरह अनभिज्ञता जताई, तो दोनों युवक गाली-गलौज करते हुए उग्र हो गए।

घर से लाइसेंसी बंदूक लाकर की हवाई फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

विवाद बढ़ने पर आरोपी मन्नू उर्फ मनोज शर्मा अपने घर गया और अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक लेकर वापस लौट आया। पीड़ित को डराने और इलाके में खौफ पैदा करने की नीयत से उसने बीच सड़क पर ही ताबड़तोड़ दो हवाई फायर झोंक दिए। अचानक चली गोलियों की आवाज से पूरे क्षेत्र में भगदड़ मच गई और लोग दहशत में आ गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो बाद में पुलिस की कार्रवाई का अहम आधार बनी।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, दोनों दबंग आरोपी सलाखों के पीछे

फायरिंग की घटना के तुरंत बाद पीड़ित अमन अपने भाई जतिन के साथ मुरार थाने पहुंचा और पूरी आपबीती सुनाते हुए नामजद शिकायत दर्ज कराई। मुरार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर धाराएं दर्ज कीं और तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों, मनोज शर्मा और करण शर्मा, को धर दबोचा। पुलिस ने इस्तेमाल की गई बंदूक को भी जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

ये भी पढ़े: ग्वालियर में 100 करोड़ की सरकारी जमीन पर बुलडोजर कार्रवाई टली: रहवासियों के कड़े विरोध और दस्तावेजों के आगे झुका प्रशासन

You missed