रिपोर्टर: अरविन्द सिंह
Bhopal : एम्स अस्पताल के पास एक हैरान करने वाला ठगी का मामला सामने आया है। जहां एक शातिर जालसाज ने मां की गंभीर बीमारी और ऑपरेशन का झूठा ड्रामा रचकर एक सीधे-साधे किसान को अपनी जाल में फंसा लिया। आरोपी ने मदद की गुहार लगाने के बहाने किसान को नकली सोने की चेन थमाकर 6 लाख रुपए ऐंठ लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
एम्स अस्पताल के बाहर रोते हुए जालसाज की एंट्री
Bhopal यह पूरी घटना भोपाल के प्रतिष्ठित एम्स अस्पताल की है। निवाड़ी जिले के रहने वाले रामकिशन कुशवाहा खेती-किसानी करके अपना जीवनयापन करते हैं। पिछले महीने वह अपने नाती के इलाज के सिलसिले में भोपाल आए थे। 19 सितंबर को जब वह एम्स के गेट नंबर-3 के बाहर खड़े थे, तब उनकी मुलाकात एक अज्ञात युवक से हुई। वह युवक बुरी तरह रो रहा था और मदद की गुहार लगा रहा था। रामकिशन ने जब उसकी परेशानी की वजह पूछी, तो उसने दिल दहला देने वाली झूठी कहानी सुनाई।
मां की बीमारी का भावनात्मक जाल और सोने की चेन का सौदा
Bhopal रोते हुए युवक ने रामकिशन को बताया कि उसकी मां की तबीयत बेहद नाजुक है और उन्हें बचाने के लिए तुरंत बड़े ऑपरेशन की जरूरत है, जिसके लिए उसके पास फूटी कौड़ी भी नहीं है। भरोसे में लेने के बाद उस शातिर ठग ने अपने पास मौजूद तीन भारी-भरकम सोने की चेन निकालीं। उसने दावा किया कि इनकी असली बाजार कीमत करीब 14 लाख रुपए है, लेकिन मजबूरी के कारण वह इन्हें केवल 6 लाख रुपए में बेचने को तैयार है ताकि वह अपनी मां का इलाज करा सके। दया भाव में डूबे किसान ने उसकी इस बात को सच मान लिया।
दो दिन बाद पैसों का इंतजाम कर हुई धोखाधड़ी का खुलासा
Bhopal किसान रामकिशन उस जालसाज की बातों में पूरी तरह आ चुके थे। उन्होंने युवक से दो दिन का समय मांगा और अपने गांव वापस जाकर किसी तरह 6 लाख रुपए की नकदी का इंतजाम किया। तय समझौते के अनुसार, 21 सितंबर को रामकिशन दोबारा उसी जगह पहुंचे और आरोपी को 6 लाख रुपए नकद देकर सोने की तीनों चेन ले लीं। उन्हें लगा कि उन्होंने एक जरूरतमंद की मदद करने के साथ-साथ एक अच्छा सौदा भी किया है।
लेकिन जब उन्होंने तसल्ली के लिए एक आभूषण की दुकान पर उन चेन की जांच करवाई, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वे चेन सोने की नहीं बल्कि पूरी तरह नकली थीं। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने तुरंत बागसेवनिया थाने में जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल, पुलिस अस्पताल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि उस शातिर ठग को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।
ये भी पढ़े: स्टारलिंक से टक्कर पर रिलायंस का बेबाक जवाब: ‘प्रतिस्पर्धा से डर नहीं, नियमों का पालन जरूरी’

