रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल
Morena : दिल्ली के लिए कूच करने की तैयारी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में बड़ी प्रशासनिक और पुलिस कार्रवाई देखने को मिली है। राहुल गांधी के आह्वान पर दिल्ली जाने के लिए स्थानीय जिला कांग्रेस कार्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए थे। हालांकि, जैसे ही उनकी बैठक समाप्त हुई, पुलिस ने आधी रात को कार्रवाई करते हुए कई प्रमुख नेताओं समेत करीब एक सैकड़ा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और शहर के अलग-अलग होटलों में नजरबंद कर दिया।
जिला कांग्रेस कार्यालय पर हुई थी महत्वपूर्ण बैठक
Morena जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी के निर्देशानुसार दिल्ली कूच की रणनीति तैयार करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता मुरैना स्थित जिला कार्यालय पर जुटे थे। इस दौरान भिंड शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र उर्फ ‘पिंकी’ भदौरिया भी करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओं के साथ विशेष रूप से मुरैना पहुंचे थे। सभी नेता आगामी आंदोलन और दिल्ली यात्रा की रूपरेखा तय करने के लिए आपस में चर्चा कर रहे थे, जिसकी भनक लगते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया।
बैठक खत्म होते ही कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई
Morena जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की यह संगठनात्मक बैठक समाप्त हुई, कोतवाली पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बिना देर किए कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। मुरैना ग्रामीण जिला अध्यक्ष मधुराज तोमर, शहर अध्यक्ष गजेंद्र जाटव, जिला प्रवक्ता हरीश पाठक और भिंड शहर अध्यक्ष सहित लगभग 100 कार्यकर्ताओं को पुलिस वैन में बैठाकर पुलिस लाइन ले जाया गया। इसके पश्चात सभी को शहर के विभिन्न होटलों में कड़ी निगरानी के बीच नजरबंद कर दिया गया।
मधुराज तोमर ने सरकार पर साधा निशाना
Morena इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष मधुराज तोमर ने इसे लोकतंत्र का गला घोंटने वाला कदम करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को दबाने का प्रयास कर रही है। तोमर ने दोटूक कहा कि कांग्रेस अब केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक जन-आंदोलन बन चुकी है, जिसे इस तरह के दमनात्मक तरीकों से रोका नहीं जा सकता है। इस आधी रात की कार्रवाई के बाद से अंचल में राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है।
ये भी पढ़े: JNU Professor Sexual Harassment: कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर छात्राओं के यौन उत्पीड़न का आरोप

