रिपोर्टर: मयंक गुप्ता
Gwalior : जीवायएमसी मैदान पर राज एक्सप्रेस और यूटोपिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले ‘रंगरति डांडिया महोत्सव’ का शानदार और भव्य आगाज हो चुका है। रविवार को आयोजित इस पहले दिन के कार्यक्रम में चारों ओर रास का उल्लास, आसमान से झरती शबनम और पारंपरिक गुजराती परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने माहौल को बेहद संगीतमय और ऊर्जावान बना दिया। इस रंगारंग आयोजन ने शहर में नवरात्रि के उत्साह को और अधिक बढ़ा दिया।
मां अंबे की आरती और पारंपरिक गरबा से शुरुआत
Gwalior महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां जगदंबे की भव्य आरती के साथ किया गया। इस अवसर पर मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह गुर्जर, होटल साया के जीएम विशेष आर्य, ए-3 एच की संचालक रुचि अग्रवाल और राज एक्सप्रेस इंदौर के विश्वबंधु पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे। आरती के तुरंत बाद गरबा रिंग में पारंपरिक नृत्य की शुरुआत हुई, जहां एक ओर अतिथियों ने मां के दरबार में माथा टेका, वहीं दूसरी ओर प्रतिभागियों ने पारंपरिक स्टेप्स के साथ गरबा कर पूरे पंडाल को भक्तिमय कर दिया।
डांडिया की खनक और आकर्षक परिधानों का जलवा
Gwalior पारंपरिक गीतों की धुनों पर जब डांडिया की खनक गूंजी, तो बड़ों से लेकर बच्चों तक सभी का उत्साह देखने लायक था। एक ताली, दो ताली, तीन ताली और सिक्स स्टेप्स डांडिया की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इस महोत्सव में युवतियों और महिलाओं में विशेषकर गुजराती लहंगों, कमरबंद, पारंपरिक ज्वेलरी और ज्योमैट्रिकल नेकलेस का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला, जिससे हर कोई अपने अनूठे अंदाज में नजर आया।
40 मिनट का गरबा और स्पेशल ऑडियंस राउंड
Gwalior कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 40 मिनट की नॉन-स्टॉप गरबा प्रस्तुति रही, जिसके बाद स्पेशल डांस और ऑडियंस राउंड ने रोमांच को और बढ़ा दिया। माहौल ऐसा था कि दर्शक भी खुद को रोक नहीं पाए और वे भी गरबा रिंग में उतरकर प्रतिभागियों के साथ थिरकने लगे। विमल इलायची, आईपीएस कॉलेज, ट्रेंड्स फैशन और रेडियो चस्का सहित कई प्रमुख सहयोगियों के समर्थन से सजा यह महोत्सव ग्वालियर वासियों के लिए एक यादगार और अद्भुत अनुभव बन गया।

