रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : बिहार के शेखपुरा जिले के पचना गांव में शनिवार शाम अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। तीन अज्ञात बदमाशों ने एक ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) संचालक को निशाना बनाते हुए 1 लाख 62 हजार रुपये नगद, एक टैब और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाशों ने पिस्टल की बट से मारकर उनका सिर फोड़ दिया।
घटना स्थल पर ग्रामीणों के जुटने पर अपराधियों ने दहशत फैलाने के मकसद से तीन राउंड हवाई फायरिंग की और लखीसराय की तरफ फरार हो गए।
सीएसपी बंद कर घर लौट रहे थे बृजनंदन, हाईस्कूल के पास घात लगाए बैठे थे बदमाश
Sheikhpura घायल सीएसपी संचालक की पहचान पचना गांव निवासी स्व. कामेश्वर मालाकार के 56 वर्षीय पुत्र बृजनंदन मालाकार के रूप में हुई है। घटना के संबंध में पीड़ित बृजनंदन ने बताया कि वे अपनी दुकान (CSP) बंद करके पैसों से भरा बैग लेकर अपने घर लौट रहे थे।
जैसे ही वे पचना हाईस्कूल के मुख्य द्वार के समीप पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे दो अपराधियों ने उन्हें अचानक दबोच लिया और उनका बैग छीनने की कोशिश करने लगे।
विरोध करने पर सिर पर किया वार, ग्रामीणों के आते ही की ताबड़तोड़ फायरिंग
Sheikhpura जब सीएसपी संचालक ने बैग बचाने के लिए विरोध किया, तो अपराधियों ने पिस्टल से उनके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश उनसे नगदी, टैब और मोबाइल लूटने में सफल रहे।
चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े, तो अपराधियों ने दहशत पैदा करने के लिए ताबड़तोड़ 3 राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डरकर पीछे हट गए।
लखीसराय की ओर भागे तीनों अपराधी, एएसपी के नेतृत्व में पुलिस की छापेमारी जारी
Sheikhpura वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों लुटेरे सड़क पर बाइक लेकर खड़े अपने तीसरे साथी के साथ लखीसराय मार्ग की ओर तेजी से भाग निकले। परिजनों ने आनन-फानन में खून से लथपथ बृजनंदन को शेखपुरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एएसपी डॉ. राकेश ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सीमाओं को सील कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

