BhopalBhopal
Spread the love

रिपोर्टर: अरविन्‍द सिंह

Bhopal : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और औषधि प्रशासन विभाग (Drug Department) ने बड़ी कार्रवाई की है। कोलार रोड थाना पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो प्रमुख मेडिकल स्टोरों और तीन संदिग्धों के पास से कुल 1454 प्रतिबंधित नशीली दवाएं जब्त की हैं। मामले में त्वरित एक्शन लेते हुए संबंधित दोनों मेडिकल स्टोरों को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया गया है।

संदिग्ध युवक की तलाशी से खुला नेटवर्क का राज

Bhopal कार्रवाई की शुरुआत बीमा कुंज इलाके से हुई, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चाय की दुकान के पास खड़े मिथलेश लोधी नाम के युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से नशीली दवाओं के कैप्सूल बरामद हुए। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने सहयोगियों और दवाओं की खरीद-बिक्री के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर बंजारी फेस-1 स्थित ठिकाने से संतोष चौहान नामक व्यक्ति को धर दबोचा और उसके पास से 214 नशीली दवाएं जब्त कीं।

दो मेडिकल स्टोरों पर छापा, भारी मात्रा में नशीली गोलियां जब्त

Bhopal संतोष चौहान से मिले इनपुट के आधार पर कोलार पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग क्षेत्रों के मेडिकल स्टोरों पर दबिश दी:

  • आयुष मेडिकल (बरखेड़ी, जहांगीराबाद): स्टोर संचालक रामसेवक निरंजन के पास से विभिन्न कंपनियों की कुल 696 प्रतिबंधित टैबलेट और कैप्सूल (जिनमें AVIL और SPASMO PROXYVON+ शामिल हैं) बरामद किए गए।
  • राज मेडिकल (अन्ना नगर, गोविंदपुरा): संचालक राजकुमार परसोदिया के ठिकाने से 544 प्रतिबंधित दवाएं जब्त की गईं।

दुकानें सील, सप्लायरों और मुख्य नेटवर्क की पड़ताल जारी

Bhopal नियमों का उल्लंघन और बिना पर्चे के नशीली दवाओं की अवैध बिक्री उजागर होने के बाद औषधि विभाग ने आयुष मेडिकल और राज मेडिकल दोनों को सील कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य सप्लायरों और इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों और मेडिकल संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़े: धमतरी में कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर और SP को सौंपा ज्ञापन: बाढ़ में मासूमों की मौत, किसानों का नुकसान और अवैध नशाखोरी का उठाया मुद्दा