रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Dhamtari : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मिला। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर और धमतरी विधायक ओंकार साहू के नेतृत्व में पहुंचे नेताओं ने हाल ही में हुई भारी बारिश से हुए नुकसान, मासूम बच्चों की मौत और जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर जिला प्रशासन के समक्ष गंभीर आपत्ति दर्ज कराई।
नाले में बहे मासूमों की मौत पर जवाबदेही तय करने की मांग
Dhamtari कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने हालिया बाढ़ और जलभराव के दौरान हुए हादसों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। हाल ही में सोरिद वार्ड में 7 वर्षीय मासूम लक्ष्य साहू नाले के तेज बहाव में बह गया था, जिसका शव 24 घंटे बाद बरामद हुआ। इसके अलावा मगरलोड के मेघा गांव में 15 वर्षीय छात्रा की भी बहने से मौत हो गई थी। कांग्रेस नेताओं ने इन दर्दनाक हादसों पर प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए और दोषियों की जवाबदेही तय करते हुए पीड़ित परिवारों को राहत देने की मांग की।
बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए त्वरित सर्वे और उचित मुआवजे की अपील
Dhamtari मुलाकात के दौरान नेताओं ने क्षेत्र के किसानों की फसलों को हुए नुकसान की ओर कलेक्टर का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि भारी बारिश और बाढ़ के कारण धान व सब्जियों की फसलें पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रभावित खेतों का बिना किसी भेदभाव के निष्पक्ष सर्वे कराया जाए और पीड़ित किसानों को तुरंत मुआवजा राशि प्रदान की जाए। इसके साथ ही जर्जर अटल आवासों की मरम्मत और क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार की बात भी रखी गई।
कुरुद क्षेत्र में अवैध नशाखोरी पर रोक और गश्त बढ़ाने की मांग
Dhamtari कलेक्टर से वार्ता के पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर जिले की कानून-व्यवस्था पर चर्चा की। नेताओं ने कुरुद और आसपास के इलाकों में तेजी से पांव पसार रहे अवैध नशे के कारोबार पर गहरी चिंता व्यक्त की। कांग्रेस नेताओं ने नशे के सौदागरों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने और संवेदनशील इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।
ये भी पढ़े: शेखपुरा में दर्दनाक हादसा: टाटी पुल के पास पेड़ से लटका मिला अज्ञात महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस

