रिपोर्टर: प्रेम श्रीवास्तव
Jamshedpur : लुआबासा स्थित शिकारीडीह प्राथमिक सरकारी विद्यालय में सामाजिक संस्था ‘आगाज’ के तत्वावधान में अमर बलिदानी शहीद भगत सिंह की जयंती धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा शहीद भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के दर्जनों जरूरतमंद विद्यार्थियों के बीच आवश्यक पाठ्य सामग्री बांटी गई, जिसे पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
कुणाल षाड़ंगी का वक्तव्य: शिक्षा का प्रसार ही महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि
Jamshedpur समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद भगत सिंह के क्रांतिकारी विचार और देशप्रेमी जीवन दर्शन हर युग में युवाओं का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने बल देकर कहा कि वंचित और जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा की पहुंच आसान बनाना ही हमारे अमर शहीदों को वास्तविक नमन है। कुणाल षाड़ंगी ने इस पुनीत कार्य के लिए ‘आगाज’ संस्था की पूरी टीम की सराहना की।
संस्था का ध्येय: पठन-पाठन को प्रोत्साहन और राष्ट्रनायकों से परिचय
Jamshedpur ‘आगाज’ संस्था के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि जगाने के साथ-साथ उन्हें देश के अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के त्याग व बलिदान की गाथाओं से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे अपने देश के गौरवशाली इतिहास को जानेंगे, तभी वे एक जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे पाएंगे।
गणमान्य हस्तियों की गरिमामयी मौजूदगी और अंगवस्त्र से सम्मान
Jamshedpur इस प्रेरणायदेक आयोजन में बीपीएम उत्कृष्ट विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रंजिता गांधी, सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह, समाजसेवी दमनप्रीत सिंह, चरणजीत कौर भाटिया और आरफीन अशरफ विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने में जगप्रीत सिंह जे.डी., सतविंदर सिंह, गुरबचन सिंह राजू, परमिंदर सिंह गोल्डी, मंगल गोप, अजय महतो और धनापति महतो का सराहनीय योगदान रहा। अंत में संस्था की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

