Bank Strike Called Off:आम नागरिकों और ग्राहकों के लिए एक बहुत बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। बैंक कर्मचारियों की ओर से सोमवार से शुरू होने वाली तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल को आखिरकार टाल दिया गया है। रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया गया।
रविवार रात की बैठक में इन अहम मुद्दों पर बनी सहमति
Bank Strike Called Off:UFBU के सर्कुलर के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और बैंक यूनियनों के शीर्ष पदाधिकारियों के बीच बैठक हुई, जिसमें कई प्रमुख मांगों और लंबित मुद्दों पर सकारात्मक सहमति बनी:
- फाइव डे बैंकिंग (शनिवार की छुट्टी): सभी शनिवारों को आधिकारिक अवकाश घोषित करने के प्रस्ताव पर विचार करने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया जाएगा। यह कमेटी ग्राहकों की सहूलियत और सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखकर सर्वमान्य समाधान निकालेगी।
- PLI स्कीम में संशोधन: स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना में यूनियनों द्वारा उठाई गई आपत्तियों को दूर करने के लिए संशोधन पर विचार किया जाएगा, जिसे आगे सरकार के पास भेजा जाएगा।
- लंबित मामलों का समाधान: 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज अन्य सभी लंबित मुद्दों का तेजी से निपटारा करने के लिए द्विपक्षीय बातचीत जारी रखने का फैसला हुआ।
5 दिनों के बड़े संकट से टला कामकाज ठप होना
Bank Strike Called Off:गौरतलब है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार 3 दिनों की देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया था। चूंकि 26 और 27 सितंबर को शनिवार और रविवार का साप्ताहिक अवकाश था, इसलिए इस हड़ताल के कारण बैंकों में लगातार 5 दिनों तक कामकाज पूरी तरह ठप रहने की आशंका थी। इससे आम जनता को भारी वित्तीय और बैंकिंग परेशानियों का सामना करना पड़ सकता था।
हड़ताल टलने के बाद अब बैंकों में कामकाज पूरी तरह सामान्य रूप से जारी रहेगा, जिससे देश भर के खाताधारकों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। इस समझौते पर एआईबीईए के सी.एच. वेंकटाचलम, एआईबीओसी के रूपम रॉय और एनसीबीई के एल. चंद्रशेखर समेत विभिन्न प्रमुख यूनियन नेताओं के हस्ताक्षर हैं।

