रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Shivpuri : जिले के बिजरौनी गांव में ऋषिपंचमी के पावन अवसर पर एक दुखद हादसा सामने आया है। अपनी मां के साथ सिंध नदी में स्नान करने गया 14 वर्षीय सौरभ कुशवाह मंगलवार दोपहर अचानक गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद चलाए गए लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह उसका शव बरामद कर लिया गया।
ऋषिपंचमी पर मां के साथ गया था स्नान करने, गहरे पानी में समाया
Shivpuri बिजरौनी निवासी बबलू कुशवाह का 14 वर्षीय पुत्र सौरभ मंगलवार को ऋषिपंचमी के मौके पर अपनी मां के साथ सिंध नदी के तट पर गया था। नदी में नहाने के दौरान सौरभ का संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक गहरे पानी की चपेट में आकर डूबने लगा। मां के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
SDERF का देर रात तक रेस्क्यू, सुबह 500 मीटर दूर तैरता मिला शव
Shivpuri स्थानीय पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद एसडीईआरएफ (SDERF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर व्यापक खोजबीन शुरू की। मंगलवार देर शाम तक चले सर्चिंग अभियान को अंधेरा होने के कारण रोकना पड़ा। हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार तड़के 4 बजे से खुद नदी में तलाश शुरू की। सुबह करीब 8 बजे घटनास्थल से आधा किलोमीटर दूर सौरभ का शव पानी में तैरता हुआ मिला। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे बिजरौनी गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
अवैध रेत खनन से बने जानलेवा गड्ढों पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
Shivpuri इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय निवासियों में सिंध नदी पर हो रहे रेत उत्खनन को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि नदी के पेटे से बड़े पैमाने पर रेत निकालने के कारण जगह-जगह गहरे और जानलेवा गड्ढे बन गए हैं। मानसून के दौरान पानी भर जाने से ये गड्ढे दिखाई नहीं देते, जो नदी में स्नान करने उतरने वाले श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के लिए काल साबित हो रहे हैं।

