By: Ravindra Singh
MP Weather : मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई में अब करीब दो सप्ताह का समय बाकी है, लेकिन इस सीजन प्रदेश में बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अब तक राज्य में सामान्य बारिश का लगभग 94 प्रतिशत ही रिकॉर्ड हुआ है। इंदौर, उज्जैन और जबलपुर समेत 37 जिले औसत बारिश के आंकड़े से पीछे चल रहे हैं। दूसरी ओर भोपाल और ग्वालियर सहित 18 जिलों में सामान्य से अधिक पानी बरसा है।
बारिश के आंकड़ों में जिलों के बीच बड़ा अंतर भी देखने को मिल रहा है। आलीराजपुर में सामान्य के मुकाबले आधे से भी कम बारिश हुई है, जबकि निवाड़ी में औसत से 49 प्रतिशत अधिक पानी दर्ज किया गया है।
अगले चार दिन भारी बारिश की संभावना नहीं
MP Weather मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, आगामी चार दिनों में प्रदेश के किसी भी हिस्से के लिए अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला बना हुआ था।
भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। हालांकि, मंगलवार से मानसूनी गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। 15 से 17 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
पूर्वी MP में बारिश का प्रदर्शन बेहतर
MP Weather इस मानसून में पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में पश्चिमी हिस्से की तुलना में बेहतर बारिश हुई है। जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के कई इलाकों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
निवाड़ी में औसत से 49 प्रतिशत, मऊगंज में 44 प्रतिशत, सतना में 34 प्रतिशत और मैहर में 29 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। बारिश की कुल मात्रा के लिहाज से मऊगंज में करीब 54.9 इंच पानी रिकॉर्ड किया गया है, जबकि सतना में भी 50 इंच से ज्यादा बारिश हुई।
इसके उलट पश्चिमी मध्य प्रदेश का आलीराजपुर बारिश के मामले में काफी पीछे है। यहां अब तक लगभग 16 इंच बारिश ही दर्ज की गई है।
प्रदेश में अब तक 834.4 मिमी बारिश
MP Weather मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में अब तक 834.4 मिमी यानी करीब 32.8 इंच बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 886.6 मिमी यानी लगभग 34.9 इंच माना जाता है।
इस हिसाब से प्रदेश में सामान्य से करीब 2.1 इंच कम बारिश हुई है। कुल मिलाकर राज्य में बारिश लगभग 6 प्रतिशत कम है। पूर्वी मध्य प्रदेश में यह कमी करीब 1 प्रतिशत और पश्चिमी मध्य प्रदेश में करीब 11 प्रतिशत दर्ज की गई है।
इन जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
MP Weather मौसम विभाग के मुताबिक, अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में सामान्य से अधिक बारिश हुई है।
15 सितंबर से मानसून की गतिविधि होगी कमजोर
MP Weather मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार, 15 सितंबर से मध्य प्रदेश में बारिश की तीव्रता और इसका दायरा धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। अगले सप्ताह पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज, जबकि कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
यानी मानसून की विदाई से पहले बारिश पूरी तरह थमने वाली नहीं है, लेकिन भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत मिल रहे हैं।
ये भी पढ़े: राजौरी में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी: लश्कर के 3 मददगार गिरफ्तार, भारी मात्रा में IED बरामद

