रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Jaipur : राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रसिद्ध आमेर थाना क्षेत्र स्थित मावठा सरोवर के पास सोमवार सुबह हुई चाकूबाजी की वारदात में घायल टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में दम तोड़ने की खबर सामने आते ही स्थानीय टूरिस्ट गाइड्स और व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। आमेर क्षेत्र में व्यापक विरोध-प्रदर्शन के बाद सुरक्षा के लिहाज से ऐतिहासिक आमेर किले को पर्यटकों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया।
जीप ले जाने को लेकर हुआ था विवाद, पेट में घोंपा था चाकू
Jaipur प्राप्त विवरण के अनुसार, आमेर किले तक जीप ले जाने की बात पर टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी और जीप चालक आजम के बीच तीखी बहस हो गई थी। विवाद बढ़ने पर जीप चालक आजम ने अपने साथी नाजिश के साथ मिलकर मनीष के पेट में चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर हालत में मनीष को तुरंत एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहाँ मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में, निष्पक्ष जांच जारी
Jaipur घटना के तुरंत बाद हरकत में आई आमेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों आजम और नाजिश को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के साथ सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
बाजार बंद कर आमेर थाने के बाहर प्रदर्शन, भारी पुलिस बल तैनात
Jaipur टूरिस्ट गाइड की मौत से आक्रोशित स्थानीय लोगों और गाइडों ने आमेर बाजार को पूरी तरह बंद करवा दिया और थाने के बाहर एकत्रित होकर नारेबाजी शुरू कर दी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।

