बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम भिलईया में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
एंकर— गांव में अंबेडकर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। सीओ बहेड़ी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके का निरीक्षण करने के साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले व्यक्ति या आरोपियों की पहचान की जा सके। इसके अलावा पुलिस ने ग्रामीणों से भी जानकारी जुटाई है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।
मामले को लेकर थाना बहेड़ी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना में शामिल लोगों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार क्षतिग्रस्त प्रतिमा को सम्मानपूर्वक दोबारा स्थापित कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
