रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Hardoi : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले स्थित संविलियन विद्यालय साहुआपुर में एक दुखद घटना सामने आई है। कक्षा आठ में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा क्षमा दीक्षित की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक द्वारा की गई बेरहमी से पिटाई के कारण छात्रा का हाथ टूट गया था, जिसके बाद उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पुलिस और शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है।
सहपाठी से विवाद की शिकायत करने पर हुई मारपीट
Hardoi मृतका के पिता उमेश दीक्षित द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, क्षमा का स्कूल में अपनी एक सहपाठी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसकी शिकायत उसने सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार से की। आरोप है कि शिक्षक ने निष्पक्ष समाधान निकालने के बजाय छात्रा के साथ मारपीट कर दी। पिटाई के कारण छात्रा के हाथ में गंभीर फ्रैक्चर आ गया। परिजनों का यह भी कहना है कि शुरुआत में शिक्षक ने इलाज का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में कोई सुध नहीं ली।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, मौत से पहले का वीडियो वायरल
Hardoi हालत गंभीर होने पर परिजनों ने छात्रा को 26 अगस्त को फर्रुखाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उपचार के क्रम में 30 अगस्त को उसकी सांसें थम गईं। घटना के बीच छात्रा का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह मृत्यु से पूर्व अपने साथ हुई कथित बर्बरता की आपबीती सुनाती नजर आ रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन पर निष्पक्ष जांच का दबाव बढ़ गया है।
दो शिक्षक निलंबित, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
Hardoi घटना की सूचना मिलते ही खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील सिंह जांच के लिए विद्यालय पहुंचे। प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए विद्यालय के इंचार्ज शिक्षक अक्षत और आरोपी सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। फर्रुखाबाद में कराए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
ये भी पढ़े: डबरा में ‘इज्जत’ की खातिर पिता ने ली बेटी की जान, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

