रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की नारायणपुर प्रखंडइकाई द्वारा केंद्र सरकार के खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में जामताड़ा जिले में एक दिवसीय जन जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शनिवार (29 अगस्त) को आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों महिला और पुरुष ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी असहमति जताई।
राज्य के आर्थिक हितों पर चोट का आरोप
Jamtara संबोधन के दौरान पार्टी वक्ताओं ने उपस्थित ग्रामीणों को प्रस्तावित संशोधन विधेयक के विभिन्न प्रावधानों की बारीकियों से अवगत कराया। नेताओं ने कहा कि इस नए कानून से झारखंड के राजस्व को भारी क्षति पहुंचेगी और राज्य के खनिज संसाधनों पर स्थानीय जनता के अधिकारों का हनन होगा। उन्होंने इसे राज्य के आर्थिक हितों के खिलाफ बताया।
सड़क से सदन तक उग्र आंदोलन का संकल्प
Jamtara कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर इस विधेयक के खिलाफ चरणबद्ध संघर्ष का निर्णय लिया। जनसभा में सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया कि जब तक केंद्र सरकार इस कानून को वापस नहीं लेती, तब तक सड़क से लेकर विधानसभा तक विरोध प्रदर्शन और आंदोलन का सिलसिला जारी रहेगा।
कार्यक्रम में प्रमुख नेताओं की उपस्थिति
Jamtara इस जन जागरण सभा में झामुमो के केंद्रीय कमेटी सदस्य सह प्रखंड प्रभारी लालू अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष हीरालाल सोरेन, जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार मंडल, जिला उपाध्यक्ष इम्तियाज अंसारी समेत कई प्रमुख पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े: कौशांबी: पटाखा गोदाम में जोरदार धमाका, कई मकान जमींदोज; चार से अधिक लोगों के हताहत होने की आशंका

