DelhiDelhi
Spread the love

रिपोर्टर: विजय सचदेवा

Delhi : 15 अगस्त के अवसर पर नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय (इंदिरा भवन) में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में नया विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का अपमान करने का आरोप लगाया है, जबकि कांग्रेस नेताओं ने इन दावों को पूरी तरह से खारिज किया है।

Delhi वायरल वीडियो पर क्या है विवाद?

स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ध्वजारोहण किया, जहां पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। ध्वजारोहण के दौरान जब राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ बजाया जा रहा था, तब उसके चौथे छंद के दौरान सोनिया गांधी किसी बात को लेकर असहमत नजर आईं और उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे से कुछ बातचीत की। भाजपा ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने पूरा वंदे मातरम गाए जाने पर आपत्ति जताई और इसे रुकवाने का प्रयास किया। गुजरात भाजपा समेत कई नेताओं ने इसे ‘वोट बैंक की राजनीति’ और राष्ट्रगीत का अनादर करार दिया।

Delhi कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के अलग-अलग बयान

कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं की तरफ से इस घटना पर भिन्न-भिन्न प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ कार्यकर्ताओं का कहना था कि सोनिया गांधी मल्लिकार्जुन खड़गे के बैठने के लिए कुर्सी मंगवाने का इशारा कर रही थीं या पानी मांग रही थीं। वहीं, पार्टी कार्यकर्ता शकील अहमद ने टिप्पणी की कि कांग्रेस में हमेशा से वंदे मातरम के शुरुआती दो छंद गाने की परंपरा रही है।

कांग्रेस आलाकमान की सफाई

दूसरी ओर, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा के आरोपों को सिरे से नकार दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी। सोनिया गांधी केवल खड़गे जी के स्वास्थ्य और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें सीट देने की बात कह रही थीं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी किसी भी विवाद से इनकार करते हुए कहा कि कार्यक्रम गरिमापूर्वक संपन्न हुआ।

ये भी पढ़े: जामताड़ा में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस: मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना