ChamoliChamoli
Spread the love

रिपोर्टर: गनेश सिंह

Chamoli : उत्तराखंड के चमोली जिले स्थित पीपलकोटी क्षेत्र में THDC की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन TRT टनल में भीषण भूधंसाव से बड़ा हादसा हो गया। टनल के भीतर अचानक कैविटी बनने से भारी मात्रा में पानी और गाद भर गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर फंस गए। हादसे में अब तक 7 मजदूरों की दुखद मृत्यु की पुष्टि हुई है, जबकि 18 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल पर पहुंचकर सुरंग के अंदर जाकर बचाव व राहत कार्यों का जायजा लिया।

Chamoli अचानक धमाके के साथ आया मलबा और पानी

यह दुर्घटना गुरुवार शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच घटी। 3.5 किलोमीटर लंबी इस सुरंग के लगभग 1.8 किलोमीटर अंदर जब पैकिंग का कार्य चल रहा था, तभी अचानक एक जोरदार धमाके के साथ भारी मात्रा में जलभराव और मलबा आने लगा। टनल में मौजूद कुल 22 लोगों में से 18 को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन गाद व पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से 7 श्रमिकों की जान चली गई।

Chamoli मुख्यमंत्री धामी ने टनल के भीतर जाकर स्थिति का लिया जायजा

शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चमोली पहुंचे और खुद टनल के डेढ़ किलोमीटर अंदर तक जाकर राहत व बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने NDRF, SDRF, ITBP, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों को बचाव अभियान तेज करने तथा शेष 3 लापता मजदूरों को ढूंढने के लिए सभी तकनीकी संसाधनों का उपयोग करने का सख्त निर्देश दिया।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी और प्रशासन अलर्ट

रेस्क्यू किए गए घायलों का इलाज जिला अस्पताल गोपेश्वर में किया जा रहा है। सीएम धामी ने जिला प्रशासन को घायलों के बेहतर उपचार और परिजनों को हर संभव सहायता मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और लापता श्रमिकों की खोज के लिए अभियान लगातार जारी है।

ये भी पढ़े: नांदेड़ में हमले के बाद बोले सुखबीर सिंह बादल—’मैं डरता नहीं, पंजाब की शांति भंग नहीं होने दूंगा’