रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Surguja : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में साइबर ठगी की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों पर केस में धाराएं कमजोर करने और जल्द चालान दाखिल करने के एवज में 1 करोड़ रुपये की वसूली का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी ने आरोपी एएसआई और आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, वहीं सीबीआई कोर्ट ने जिम्मेदार अधिकारियों को नोटिस जारी किया है।
Surguja मनी ट्रेड एप ठगी से जुड़ा है पूरा मामला
मामला अंबिकापुर स्थित रेंज साइबर थाने का है, जहां मनी ट्रेड 365 और स्काई ट्रेड एप के जरिए शिकायतकर्ता से करीब 20 लाख 15 हजार रुपये की ठगी हुई थी। नगर पुलिस अधीक्षक (ट्रेनी आईपीएस) राहुल बंसल के नेतृत्व में की गई जांच में देश के विभिन्न राज्यों से 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इन्हीं गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस पर हवाला के जरिए दो किस्तों में 50-50 लाख रुपये ऐंठने के आरोप लगाए हैं।
Surguja कोर्ट का नोटिस और पुलिसकर्मियों पर गाज
आरोपियों द्वारा सीबीआई कोर्ट में याचिका दायर किए जाने के बाद अदालत ने सीबीआई, ट्रेनी आईपीएस राहुल बंसल, एएसआई प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। मामले में कथित ऑडियो सामने आने के तुरंत बाद सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा के निर्देश पर एएसआई प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा को सस्पेंड कर दिया गया है।
जांच जारी, सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू
आईजी दीपक कुमार झा ने स्पष्ट किया कि 1 करोड़ रुपये के लेनदेन से जुड़े ठोस सबूत फिलहाल शिकायतकर्ताओं की ओर से पेश नहीं किए गए हैं। हालांकि, रिश्वत मांगने संबंधी ऑडियो क्लिप के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। विभागीय जांच के निष्कर्षों के आधार पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े: स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में 6 प्रमुख जगहों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

