रिपोर्टर: प्रेम श्रीवास्तव
Jamshedpur : जुगसलाई स्थित दुखू मार्केट के समीप, रेलवे लाइन किनारे सत्यनारायण मंदिर रोड पर बने शनिदेव मंदिर में सावन अमावस्या के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दामोदर शनि बाबा के सानिध्य और मार्गदर्शन में देश की प्रगति व समृद्धि की कामना को लेकर ‘शनि ग्रह शांति यज्ञ’ (हवन) तथा विशेष तेलाभिषेक पूजा का आयोजन हुआ।
अमावस्या के शुभ मुहूर्त पर पंडित अशोक शर्मा और पाँच आचार्यों के सानिध्य में विधि-विधान से पूजन एवं हवन संपन्न कराया गया। इसके उपरांत मंदिर परिसर में शिव चर्चा का आयोजन किया गया।
Jamshedpur भजनों की गूंज और शिव चर्चा से हुआ आध्यात्मिक जागरण
हवन-पूजन के बाद आयोजित शिव चर्चा की शुरुआत सुमन के नेतृत्व में महिला मंडली (अनीता, बेबी, डॉली, सपना, रानी, शिवानी आदि) द्वारा प्रस्तुत मनमोहक भजनों से हुई। “हर हर भोला…” और “मेरे भोले का डमरू बाजे…” जैसे भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने भजनों और विचारों के माध्यम से यह संदेश दिया कि सांसारिक बंधनों और दुखों से मुक्ति पाने के लिए भगवान शिव को अपना गुरु मानना ही सबसे उत्तम मार्ग है।
Jamshedpur “शिव ही जगत के एकमात्र गुरु”: दामोदर शनि बाबा
सत्संग को संबोधित करते हुए दामोदर शनि बाबा ने कहा कि इस सृष्टि में समस्त जीवों के एकमात्र गुरु भगवान शिव हैं। शिव की भक्ति और उनकी महिमा का गुणगान करने से जीवन के सभी दुख, कष्ट और बाधाएं दूर हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि शिव का शिष्य बनने से मनुष्य का जीवन सार्थक और सफल हो जाता है।
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
पूजा अर्चना के पश्चात अपराह्न 1:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर शनि देव का आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रसाद ग्रहण किया। “जय शनिदेव” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा जुगसलाई क्षेत्र गुंजायमान रहा।
इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में पंडित अशोक शर्मा, मेनका सरदार, बड़ेलाल दूबे, अर्चना दूबे, अरविन्द मिश्रा, धर्मेन्द्र शर्मा, आयुषी शर्मा, नन्दकिशोर ठाकुर, प्रवीण सेठी और रामजी मिश्र सहित कई सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
ये भी पढ़े: हाफिज सईद की तारीफ और भारत को गीदड़भभकी, आतंकियों के मंच से बोले पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री शेख रशीद

