रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Jharkhand : रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड ने धनबाद से कोयंबटूर के बीच नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ (ट्रेन संख्या 22363/22364) के संचालन को हरी झंडी दे दी है। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से झारखंड के अलावा बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा फायदा होगा।
Jharkhand सांसद की पहल पर मिली सौगात
इस नई ट्रेन की मंजूरी को स्थानीय सांसद ढुलू महतो के सतत प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। उन्होंने धनबाद क्षेत्र में यात्री सुविधाओं के विस्तार और नई ट्रेनों की मांग को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से संपर्क साधा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेलवे आधुनिकीकरण विजन के तहत इस नॉन-एसी पुश-पुल तकनीक वाली आधुनिक ट्रेन को मंजूरी प्रदान की गई है, जो किफायती दरों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जानी जाती है।
Jharkhand ट्रेन का समय और रूट चार्ट
रेलवे बोर्ड के अनुसार, ट्रेन संख्या 22363 धनबाद से हर शनिवार शाम 4:10 बजे प्रस्थान कर सोमवार शाम 6:30 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 22364 प्रत्येक मंगलवार सुबह 7:50 बजे कोयंबटूर से रवाना होकर गुरुवार दोपहर 1:00 बजे धनबाद पहुंचेगी। इसका रखरखाव धनबाद और कोयंबटूर में किया जाएगा। यात्रा के दौरान यह ट्रेन गोमोह, पारसनाथ, कोडरमा, गया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, विजयवाड़ा और काटपाड़ी जैसे कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
छात्रों, व्यापारियों और मरीजों को मिलेगी राहत
दक्षिण भारत के औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्रों से जुड़ने के कारण यह सेवा छात्रों, कारोबारियों और नौकरीपेशा वर्ग के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी। विशेष रूप से काटपाड़ी स्टेशन पर ठहराव मिलने से तमिलनाडु के वेल्लूर में इलाज कराने जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सीधी और आरामदायक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
ये भी पढ़े: एन चंद्रशेखरन ने दिया टाटा संस के चेयरमैन पद से इस्तीफा, फरवरी 2027 तक पद पर बने रहेंगे

