रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : बिहार के शेखपुरा जिले के नगर थाना क्षेत्र में 8 अगस्त की सुबह हुए ट्रक चालक के अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) डॉ. राकेश कुमार ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले खलासी को पश्चिम चंपारण से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान योगापट्टी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है।
Sheikhpura दो दिन पहले ही काम पर रखा गया था आरोपी
पुलिस की जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतक चालक ने आरोपी नीतीश कुमार को घटना से महज दो दिन पहले ही खलासी के तौर पर काम पर रखा था। दोनों के बीच कोई पुरानी रंजिश नहीं थी, लेकिन महज दो दिनों के भीतर घटी एक घटना ने इस सनसनीखेज वारदात रूप ले लिया।
Sheikhpura सोशल मीडिया की लत और सार्वजनिक अपमान बना हत्या की वजह
SDPO डॉ. राकेश कुमार ने जानकारी दी कि आरोपी नीतीश कुमार को मोबाइल और सोशल मीडिया का अत्यधिक चस्का था। घटना वाले दिन उसने चालक से मोबाइल मांगा, जिस पर चालक ने उसे सबके सामने डांट दिया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया। इस सार्वजनिक अपमान से आहत होकर नीतीश ने गुस्से में बदला लेने की साजिश रच डाली।
चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हुआ था फरार
अपमान का बदला लेने की नीयत से नीतीश ने ट्रक में ही रखे चाकू को उठाया और चालक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत फरार हो गया था, जिसे शेखपुरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पश्चिम चंपारण से गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़े: जामताड़ा में केंद्र की नीतियों के खिलाफ गरजे किसान-मजदूर: ‘जेल भरो आंदोलन’ में सड़कों पर उतरा जनसैलाब

