Ranchi : रांची के ऐतिहासिक मोराबादी मैदान में 9 अगस्त को आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव-2026 में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFFDCL) की ओर से एक विशेष फिल्म फेस्टिवल और मास्टर क्लास का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण तकनीक, दृश्य कथानक (विजुअल स्टोरीटेलिंग) तथा मीडिया क्षेत्र की व्यावहारिक समझ प्रदान करना है।
Ranchi विद्यार्थियों और मीडिया युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
इस आयोजन में राज्य के प्रमुख विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से जनसंचार, पत्रकारिता, मीडिया, परफॉर्मिंग आर्ट्स और विजुअल कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। JFFDCL ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग सहित कई संस्थानों से आग्रह किया है कि वे अपने संबंधित विभागों के विद्यार्थियों को इस शैक्षणिक व व्यावहारिक कार्यक्रम में सहभागिता के लिए नामांकित करें।
Ranchi SRFTI कोलकाता के विशेषज्ञ देंगे मास्टर क्लास
कार्यक्रम के दौरान आदिवासी संस्कृति, स्वदेशी जीवनशैली और महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर आधारित चुनिंदा फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के जाने-माने प्रोफेसर और विशेषज्ञ “फिल्म मेकिंग एंड करियर ऑपर्च्युनिटीज इन द फिल्म इंडस्ट्री” विषय पर मास्टर क्लास लेंगे। इसमें छात्रों को पटकथा लेखन (स्क्रिप्ट राइटिंग), निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी, संपादन (एडिटिंग) और साउंड डिजाइन जैसे तकनीकी पहलुओं की गहन जानकारी दी जाएगी।
झारखंड में फिल्म शिक्षा और करियर की नई दिशा
यह कार्यशाला न केवल डिजिटल कंटेंट, ओटीटी और टेलीविजन उद्योग में करियर के नए रास्ते खोलेगी, बल्कि विद्यार्थियों को रचनात्मक रूप से सशक्त भी बनाएगी। गौरतलब है कि हाल ही में 22 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में JFFDCL और SRFTI कोलकाता के बीच राज्य में फिल्म इंस्टीट्यूट स्थापित करने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए थे। यह आयोजन उसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़े: Raisin: सुबह खाली पेट भीगी किशमिश खाने के फायदेए पाचन से लेकर हड्डियों तक के लिए हो सकती है फायदेमंद

