रिपोर्टर: मनोज कुमार
Katihar : रेल मंडल उत्तर-पूर्वी भारत की रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के साथ-साथ यात्री सुविधाओं के विस्तार में नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। मंडल रेल प्रबंधक (DRM) सुरिंदर कुमार के कुशल मार्गदर्शन में बुनियादी ढांचे के विकास और आधुनिक परिचालन से जुड़ी कई दूरगामी योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। रेल प्रशासन की इस सक्रियता से न केवल आम यात्रियों को सहूलियत हो रही है, बल्कि क्षेत्र के व्यापारिक और रणनीतिक महत्व को भी नई ताकत मिल रही है।
Katihar रणनीतिक ‘चिकन नेक’ रेलखंड का डीपीआर तैयार
पूर्वोत्तर भारत को शेष भारत से जोड़ने वाले भू-भाग को रणनीतिक दृष्टि से ‘चिकन नेक’ के रूप में जाना जाता है। इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में परिवहन नेटवर्क को और अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए अलुआबाड़ी रोड से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच 34 किलोमीटर लंबे रेलखंड के दोहरीकरण/आधुनिकीकरण का डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। सक्षम प्राधिकार से अंतिम स्वीकृति मिलते ही इस परियोजना पर धरातल पर काम शुरू कर दिया जाएगा, जिससे पूर्वोत्तर की ओर जाने वाली ट्रेनों की गति और क्षमता में काफी बढ़ोतरी होगी।
Katihar अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तीर्थयात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं
भारतीय रेल ने सीमापार व्यापार को नया बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत और नेपाल के बीच पहली सीधी मालगाड़ी का सफ़ल परिचालन शुरू किया है। इस ऐतिहासिक कदम से दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही, वर्तमान सावन माह में मनिहारी घाट जाने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने त्वरित निर्णय लेते हुए दो जोड़ी विशेष ट्रेनों की शुरुआत की है, जिससे तीर्थयात्रियों की यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 19 स्टेशनों का कायाकल्प
मंडल के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत कटिहार सहित कुल 19 रेलवे स्टेशनों का व्यापक आधुनिकीकरण किया जा रहा है। दो चरणों में चलाए जा रहे इस महत्वाकांक्षी अभियान को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर, उन्नत प्रतीक्षालय, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और स्थानीय संस्कृति को दर्शाने वाला सौंदर्यीकरण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इस पूरी प्रगति रिपोर्ट की जानकारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह की मौजूदगी में साझा की गई।
ये भी पढ़े: Walnut: रोज कितने अखरोट खाना है सही? जानिए सेवन की उचित मात्रा, जबरदस्त फायदे और खाने का सही तरीका

