रिपोर्टर: नेहा गुप्ता
Arrah : केंद्र एवं राज्य सरकार की शिक्षा विरोधी नीतियों, निजीकरण और शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ (गोपगुट), भोजपुर के बैनर तले आरा शहर में एक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया गया। जयप्रकाश नारायण (जेपी) स्मृति पार्क से शुरू हुई यह पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः जेपी पार्क पहुँचकर एक जनसभा में तब्दील हो गई। इस दौरान सैंकड़ों की संख्या में उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं के गगनभेदी नारों से पूरा शहर गुंजायमान रहा।
Arrah शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी पदयात्रा, लगे गगनभेदी नारे
यह पदयात्रा जेपी स्मृति पार्क से प्रारंभ होकर रेड क्रॉस, शहीद भवन, मठिया मोड़, सुभाष चंद्र बोस स्मारक, नागरी प्रचारिणी और भीमराव आंबेडकर स्मारक होते हुए वापस जेपी पार्क पहुँची। यात्रा के दौरान शिक्षक “शिक्षा बचाओ-देश बचाओ”, “शिक्षा का बाजारीकरण बंद करो”, “सरप्लस के नाम पर स्थानांतरण वापस लो”, “शनिवार को हाफ-डे लागू करो”, “पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करो” और “सेवार्थ शिक्षकों को TET से मुक्त करो” जैसे नारे लगा रहे थे।
Arrah सरकारी नीतियों पर बरसे संघ के प्रतिनिधि
पदयात्रा के उपरांत आयोजित सभा में संघ के विभिन्न पदाधिकारियों ने सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया:
- कृष्ण सिंह ‘विमल’ (जिलाध्यक्ष): राज्य कमिटी के आह्वान पर आज पूरे बिहार के जिला मुख्यालयों में 5 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली गई है। सरकारों द्वारा स्कूलों के संविलियन के नाम पर उन्हें बंद करने की सोची-समझी साजिश रची जा रही है।
- धर्म कुमार राम (जिला सचिव): शिक्षा को बाजार के हवाले किया जा रहा है, जिससे गरीब और आम जनता के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा महंगी और दुर्लभ होती जा रही है।
- राजाराम सिंह ‘प्रियदर्शी’ (सम्मानित अध्यक्ष): यदि शिक्षा और शिक्षक सुरक्षित रहेंगे, तभी देश का भविष्य सुरक्षित रह सकता है।
- कुमारी अलका (महासचिव, NFWT बिहार): मौजूदा दौर में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। शिक्षकों को अध्यापन कार्य से हटाकर रोज़ नए-नए गैर-शैक्षणिक कार्यों के बोझ तले दबाया जा रहा है।
- संजय कुमार (प्रखंड संयोजक, बड़हरा): अगर सरकार ने समय रहते संघ की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया, तो आने वाले दिनों में और भी उग्र आंदोलन किया जाएगा।
कई प्रखंडों से पहुँचे सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं
सभा को राज्य सचिव कमलेश कुमार, राज्य संगठन सचिव मनोज कुमार सिंह, महिला मोर्चा राज्य कोषाध्यक्ष अंजू कुमारी, जिला कोषाध्यक्ष मनोज कुमार किरण, उपाध्यक्ष केदारनाथ सिंह, सत्येंद्र कुमार सिंह, अरविंद कुमार और देव कुमार सहित विभिन्न प्रखंडों (जगदीशपुर, कोईलवर, गड़हनी, सहार) के अध्यक्षों व सचिवों ने भी संबोधित किया।
मौके पर भोजपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए संजय कुमार, संतोष सावन, आनंद मेहता, मंजू कुमारी, अंजनी कुमारी, विनोद कुमार, राम कृपा राम ‘जुझारी’ सहित सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं और क्रांतिकारी साथी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े: साइकिल से सड़क पर निकले शेखपुरा DM शेखर आनंद, सादगी और फिटनेस भरे अंदाज से लोग हुए हैरान

