रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Gurugram : हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक बहुराष्ट्रीय कंपनी (MNC) में कार्यरत कर्मचारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों ने मृतक की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है, जबकि घटना के वक्त कमरे में मौजूद 7 साल के मासूम बच्चे द्वारा अपने पिता का फंदे पर लटकते हुए वीडियो बनाए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों एंगलों से कर रही है।
Gurugram शादी के कुछ साल बाद शुरू हुआ विवाद, पत्नी मांग रही थी तलाक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 36 वर्षीय संजीव यादव के रूप में हुई है, जो अमृतसर के मूल निवासी थे और वर्तमान में गुरुग्राम के सूरत नगर इलाके में रह रहे थे। संजीव डेन्सो कंपनी में एसोसिएट ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने वर्ष 2018 में अंबाला निवासी मनप्रीत कौर से प्रेम विवाह किया था। हालांकि, पिछले कुछ समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। परिजनों का दावा है कि पत्नी लगातार तलाक की मांग कर रही थी, जिससे संजीव मानसिक तनाव से गुजर रहे थे।
Gurugram 100 किलो से ज्यादा वजन और संदिग्ध परिस्थितियों पर परिजनों ने उठाए सवाल
संजीव के पिता रामसेवक यादव और बहन किरण ने बहु पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि संजीव का वजन 100 किलोग्राम से अधिक था, ऐसे में अकेले फांसी लगाने की बात गले नहीं उतरती। बहन का तर्क है कि जिस तरह से घटना का वीडियो सामने आया है, उससे पूरे घटनाक्रम पर गहरा संदेह पैदा होता है। उनका मानना है कि साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
पुलिस ने पत्नी को लिया हिरासत में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

