रिपोर्टर: नेहा गुप्ता
Bhojpur : बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भोजपुर जिला मद्यनिषेध विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए मद्यनिषेध टीम ने दलीपुर मोड़ के समीप एक विशाल 14 चक्का ट्रक को जब्त कर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। मौके से दो अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
Bhojpur गुप्त सूचना पर जगदीशपुर उत्पाद थाना टीम ने बिछाया जाल
कार्रवाई के संबंध में मद्यनिषेध विभाग के सहायक आयुक्त रजनीश कुमार ने बताया कि उन्हें पंजाब से बिहार की ओर विदेशी शराब की एक बड़ी खेप लाए जाने की पुख्ता गुप्त जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही जगदीशपुर उत्पाद थाने के निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दलीपुर मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान पंजाब की ओर से आ रहे एक संदिग्ध 14 चक्का ट्रक को रोककर जब उसकी बारीकी से तलाशी ली गई, तो उसमें गुप्त रूप से छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
Bhojpur 900 कार्टन में कुल 8,071 लीटर शराब ज़ब्त, बाजार मूल्य लगभग एक करोड़
जब्त किए गए 14 चक्का ट्रक से विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 900 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई है। मापे जाने पर इस पूरी खेप की कुल मात्रा 8,071.92 लीटर दर्ज की गई। जब्त की गई शराब की कुल बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को दबोचा, जिन्हें आवश्यक कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।
पिछले 7 महीनों में 5 करोड़ रुपये की शराब ज़ब्त कर बनाया रिकॉर्ड
जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि शराब की यह बड़ी खेप पंजाब राज्य से बिहार में खपाने के इरादे से लाई जा रही थी। मद्यनिषेध विभाग और जगदीशपुर उत्पाद थाना पुलिस की इस मुस्तैदी ने शराब माफियाओं के मंसूबों पर पूरी तरह पानी फेर दिया है। गौरतलब है कि जगदीशपुर उत्पाद एवं मद्यनिषेध विभाग की टीम ने अपनी सख्त कार्रवाई के बल पर पिछले 7 महीनों के भीतर ही तकरीबन 5 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध शराब बरामद करने का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

