KanpurKanpur
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Kanpur : उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस का अनोखा एक्शन देखने को मिला है। घाटमपुर क्षेत्र के सजेती थाना क्षेत्र में पुलिस ने 15 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल एक शातिर अंतरजनपदीय इनामी चोर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कस्बे की सड़कों पर आरोपी का जुलूस निकाला, जहाँ वह पूरे रास्ते हाथ जोड़कर अपनी करतूतों की माफी मांगता दिखा।

Kanpur सोशल मीडिया पर वायरल हुआ माफी मांगते चोर का वीडियो

कानपुर की सड़कों पर निकला यह जुलूस इलाके में चर्चा का विषय बन गया। पुलिस हिरासत में पैदल चलते हुए आरोपी लगातार हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा। उसने बीच सड़क पर कसम खाते हुए कहा, “साहब! अब आगे से कभी चोरी नहीं करूंगा।” इसके साथ ही वह पूरे रास्ते नारा लगाता रहा- ‘चोरी करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है’

बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को देता था अंजाम

पुलिस जांच में पता चला है कि पकड़ा गया शातिर अपराधी सजेती के बिलगवां गाँव का रहने वाला है। उस पर विभिन्न थानों में चोरी के 15 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। आरोपी का काम करने का तरीका यह था कि वह पहले सूने और बंद घरों की रेकी करता था और फिर मौका पाते ही ताला तोड़कर नकद राशि व कीमती आभूषण उड़ा लेता था।

चोरी के जेवरात बरामद, गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी के आभूषण और नकद सामान बरामद कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई कई पुरानी चोरियों की गुत्थी सुलझ गई है।

“अपराधियों में कानून का भय कायम करने और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास जगाने के लिए यह कार्रवाई की गई है। इस गिरोह के बाकी सदस्यों की भी तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।” — पुलिस अधिकारी, कानपुर

ये भी पढ़े: आंध्र प्रदेश को पीएम मोदी की बड़ी सौगात: 17,900 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन, अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर होगा भोगपुरम एयरपोर्ट