JamtaraJamtara
Spread the love

रिपोर्टर: रतन कुमार

Jamtara : झारखंड के जामताड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने शिक्षा के मंदिर और शिक्षक-छात्र के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। नारायणपुर क्षेत्र के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, जेरुआ में पहली कक्षा में पढ़ने वाली एक छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ स्कूल के हेडमास्टर पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। मामला उजागर होने के बाद से ही आरोपी शिक्षक फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Jamtara छुट्टी के बाद मासूम को कमरे में रोककर की घिनौनी हरकत

पीड़ित छात्रा के पिता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना सोमवार को स्कूल की छुट्टी के समय घटी। आरोप है कि अन्य बच्चों के जाने के बाद हेडमास्टर मोला अंसारी ने तीन छात्राओं को रोक लिया। इसके बाद उसने छह साल की बच्ची को एक कमरे में ले जाकर उसके साथ गलत काम करने की कोशिश की। मासूम बच्ची ने जब हिम्मत दिखाकर शोर मचाया, तो आरोपी घबरा गया और उसने बच्ची को छोड़ दिया। जाते-जाते उसने बच्ची को धमकी दी कि यदि उसने किसी को यह बात बताई तो वह उसे जान से मार देगा।

घर पहुंचकर रोती हुई बच्ची ने बयां की आपबीती, परिजनों में फूटा गुस्सा

स्कूल से छूटने के बाद मासूम रोते-बिलखते अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। बेटी की आपबीती सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। वे बिना देर किए नारायणपुर थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। जैसे ही यह खबर गांव और आसपास के इलाकों में फैली, स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाले आरोपी हेडमास्टर के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: प्राथमिकी दर्ज, आरोपी की तलाश और CWC की मदद

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज (कांड संख्या 128/26) कर लिया गया है।

“आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस बल की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पीड़ित बच्ची को मानसिक सहारा देने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए उसे नियमानुसार बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।” — मुराद हसन, थाना प्रभारी

ये भी पढ़े: World Hepatitis Day: हेपेटाइटिस से बचने के लिए अपनाएं ये 6 जरूरी आदतें, लिवर रहेगा स्वस्थ और मजबूत