रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : जिले की करमाटांड़ थाना पुलिस ने एक बंद घर को निशाना बनाकर की गई बड़ी चोरी की घटना का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गलाकर बनाई गई चांदी की छड़ और कांसे के पारंपरिक बर्तन जब्त किए हैं।
Jamtara सुनसान घर को चोरों ने बनाया था निशाना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चरकीपहाड़ी निवासी गेंदों पौद्दार और बजरंगी पौद्दार किसी आपराधिक मामले में जेल में बंद हैं, जिसके कारण उनका मकान लंबे समय से खाली पड़ा था। इसी बात का फायदा उठाकर चोरों ने 27 जुलाई की रात घर के पिछले दरवाजे का ताला चटका दिया। पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज कराते हुए बताया गया था कि चोरों ने घर से लाखों की नकदी, आभूषण, कई टीवी, फ्रिज, इनवर्टर, कूलर और बर्तन साफ कर दिए थे।
देवघर से पकड़ा गया आरोपी, चोरी की चांदी पिघलाकर बनाई थी छड़
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पड़ोसी जिले देवघर के सारठ इलाके में दबिश देकर आरोपी कुशल कुमार पौद्दार को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से पिघलाई गई लगभग 75 ग्राम चांदी की छड़, कांसे की थालियां, लोटा और पैला बरामद किया गया है।
गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य चोरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी तथा बाकी बचे सामान की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
ये भी पढ़े: पूर्वी चंपारण: घोड़ासहन में थोक किराना दुकान में भीषण अग्निकांड, लाखों का सामान खाक

