रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Barabanki : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक किशोरी को बहला-फुसलाकर उसका धर्मांतरण कराने, जबरन निकाह करवाने और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता की मां की शिकायत के बाद फतेहपुर कोतवाली पुलिस ने एक पुलिस कांस्टेबल सहित 4 नामजद और 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है।
Barabanki सिपाही पर साजिश में शामिल होने का आरोप
पीड़िता की मां द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, फतेहपुर कोतवाली में तैनात रहे कांस्टेबल आसिफ ने वर्ष 2024 में किशोरी से संपर्क साधा था। आरोप है कि सिपाही ने ही किशोरी की बातचीत सऊदी अरब में रह रहे जावेद नाम के व्यक्ति से करवाई और उसे गलत तरीके से प्रभावित किया।
मजार पर कराया निकाह, गर्भपात कराने के भी आरोप
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी जावेद, रेहान और हमजा किशोरी को मसौली क्षेत्र स्थित एक मजार पर ले गए। जहाँ एक मौलाना की मौजूदगी में वाहन के भीतर ही उसका निकाह करा दिया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि निकाह के बाद उसकी बेटी का लगातार शारीरिक शोषण किया गया और गर्भवती होने पर दो बार जबरन गर्भपात भी कराया गया। विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, 3 आरोपी हिरासत में
फतेहपुर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर संबंधित संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
ये भी पढ़े: जंतर-मंतर आंदोलन: सरकार और CJP नेताओं के बीच बातचीत खत्म, 3 में से 2 मांगों पर सकारात्मक रुख का दावा

