रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Kanker Sheetla Temple Theft : छत्तीसगढ़ के कांकेर शहर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के ऐतिहासिक और सुप्रसिद्ध बड़े शीतला मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय श्रद्धालुओं और मंदिर समिति में भारी आक्रोश है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया है।
Kanker Sheetla Temple Theft माता के सोने-चांदी के गहने और साड़ियां भी गायब
जानकारी के अनुसार, चोरों ने मंदिर के मुख्य गर्भगृह का ताला तोड़कर माता शीतला को पहनाए गए कीमती मुकुट, छत्र और अन्य पारंपरिक आभूषण चोरी कर लिए। इसके अलावा, चोर मंदिर परिसर में रखी दानपेटी को भी अपने साथ ले गए, जिसमें श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई बड़ी मात्रा में नकदी जमा थी। बताया जा रहा है कि चोरों ने माता के चढ़ावे का अन्य सामान और अलमारी में रखीं नई साड़ियों तक को नहीं छोड़ा और सब बटोरकर रफूचक्कर हो गए।
Kanker Sheetla Temple Theft कलेक्ट्रेट और एसपी दफ्तर के पास वारदात से सुरक्षा पर सवाल
इस वारदात ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस गश्त की पोल खोलकर रख दी है। दरअसल, यह प्रसिद्ध मंदिर जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय से महज 100 मीटर और पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय से लगभग 120 मीटर की दूरी पर स्थित है। इतने हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील इलाके में, जहाँ चौबीसों घंटे सुरक्षा का दावा किया जाता है, चोरों द्वारा इतनी बड़ी घटना को अंजाम देना शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान खड़े करता है।
Kanker Sheetla Temple Theft डॉग स्क्वॉड और सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश शुरू
चोरी की खबर फैलते ही कांकेर थाना पुलिस की टीम फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मंदिर और उसके आस-पास के चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV) की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि चोरों के हुलिए और उनके भागने के रास्ते का सुराग लगाया जा सके। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

