रिपोर्टर: गनेश सिंह
Rohini Building Collapse Delhi : देश की राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ सेक्टर-16 स्थित पॉकेट जी-5 में एक पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस हादसे में मलबे की चपेट में आने से एक व्यक्ति की जान चली गई है, जबकि कई मजदूरों सहित 5 से 10 अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ (NDRF), दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और राहत व बचाव कार्य (रेस्क्यू ऑपरेशन) तेजी से शुरू कर दिया गया।
Rohini Building Collapse Delhi बाइक सवार मैकेनिक बना हादसे का शिकार
यह हादसा बुधवार शाम को करीब 4:20 बजे हुआ। चश्मदीदों के अनुसार, जब यह इमारत ढही, तब पास ही के रहने वाले 40 वर्षीय राम वहाँ से अपनी मोटरसाइकिल पर गुजर रहे थे। अचानक भरभराकर गिरे मलबे की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राम पेशे से एक मोटर मैकेनिक थे और उनके परिवार में दो बेटे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
Rohini Building Collapse Delhi मलबे से तीन घायलों को निकाला गया बाहर
राहतकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए अब तक मलबे के नीचे से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। रेस्क्यू टीम ने मलबे से निकालते ही सबसे पहले उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट दिया और फिर तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। दमकल विभाग की पांच गाड़ियाँ और बचाव दल लगातार कंक्रीट के मलबे को हटाने के काम में जुटे हैं ताकि नीचे फंसे अन्य लोगों को जल्द से जल्द निकाला जा सके।
Rohini Building Collapse Delhi बारिश के कारण हादसे की आशंका, आस-पास के मकान कराए गए खाली
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश को इस हादसे की वजह माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यहाँ नियमों को ताक पर रखकर बहुमंजिला निर्माण किया जा रहा था। एहतियात के तौर पर पुलिस और प्रशासन ने घटनास्थल के आस-पास के 50 मीटर के दायरे में बने सभी घरों को पूरी तरह से खाली करा लिया है, ताकि कोई और अनहोनी न हो। फिलहाल जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।

