रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Meerut Protest Lathicharge : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में दलित छात्रा ललिता गौतम की हत्या के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। न्याय की मांग को लेकर आयोजित की गई महापंचायत के दौरान बुधवार को कलेक्ट्रेट के बाहर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया गया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अविनाश पांडेय खुद एक प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारते हुए कैमरे में कैद हुए हैं।
Meerut Protest Lathicharge महापंचायत में बाहरी तत्वों ने बढ़ाई तल्खी
ललिता गौतम मर्डर केस में आरोपियों को सख्त सजा दिलाने के लिए परिजनों और समर्थकों द्वारा एक महापंचायत बुलाई गई थी। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए कमिश्नरी चौराहे से कलेक्ट्रेट गेट तक पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए। आरोप है कि इस भीड़ में कुछ बाहरी जिलों से आए अराजक तत्व भी शामिल हो गए थे, जिन्होंने प्रदर्शनकारियों को उकसाने का काम किया। प्रदर्शनकारी लगातार जिलाधिकारी (DM) को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे और उन्होंने कलेक्ट्रेट का मुख्य द्वार बंद कर दिया था।
Meerut Protest Lathicharge कानून व्यवस्था बिगड़ने पर पुलिस का बल प्रयोग
मामला बढ़ता देख एसएसपी अविनाश पांडेय ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने लाउडस्पीकर के जरिए प्रदर्शनकारियों से रास्ता खाली करने और कानून को हाथ में न लेने की अपील की। पुलिस के मुताबिक, समझाने के बाद भी जब भीड़ सड़क से नहीं हटी और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, तो पुलिस ने न्यूनतम बल का प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज कर दिया। इसी बीच, पुलिस वैन के भीतर खुद को वकील बताने वाले एक प्रदर्शनकारी रवि गौतम को एसएसपी द्वारा थप्पड़ मारे जाने का वीडियो भी सामने आया है।
Meerut Protest Lathicharge 13 उपद्रवियों पर FIR, पुलिस की छापेमारी जारी
मेरठ पुलिस ने इस पूरे बवाल के पीछे साजिश रचने और भीड़ को भड़काने के आरोप में 13 नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें बाहरी जिलों से आए रवि गौतम, दिग्विजय सिंह और रितिक शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि हंगामा करने वाले कुछ लोगों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। फिलहाल, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
ये भी पढ़े: Brihadisvara Temple: 1000 वर्षों से भारतीय संस्कृति, स्थापत्य और इंजीनियरिंग का जीवंत चमत्कार

