रिपोर्टर: साझी सिंह
NEET UG Re-exam : पेपर लीक विवाद के बाद राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) रविवार, 21 जून को बेहद कड़े और अभेद्य सुरक्षा इंतजामों के बीच दोबारा आयोजित होने जा रही है। इस देशव्यापी परीक्षा में 22 लाख से अधिक भविष्य के डॉक्टर शामिल होंगे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा को पूरी तरह ‘लीकप्रूफ’ और पारदर्शी बनाने के लिए देश के 551 शहरों के 5440 केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर शनिवार को ही मॉक ड्रिल के जरिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया था।
NEET UG Re-exam हाईटेक सुरक्षा चक्र: साइबर कमांडो और एयरफोर्स की मदद
परीक्षा को सुरक्षित बनाने के लिए एनटीए ने इस बार सुरक्षा का एक अभूतपूर्व डिजिटल और फिजिकल ढांचा तैयार किया है। देश भर के 95 हजार से अधिक परीक्षा कक्षों में 1.38 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव फीडिंग की निगरानी सीधे राष्ट्रीय और मंत्रालय स्तर पर बने कंट्रोल रूम से होगी। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक गड़बड़ियों को रोकने के लिए 51,311 जैमर्स तैनात किए गए हैं। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा इतनी सख्त है कि इन्हें भारतीय वायु सेना के विमानों और डाक विभाग की मदद से 18 क्षेत्रीय केंद्रों तक पहुंचाया गया और प्रश्नपत्र सेट करने वाली टीम को परीक्षा खत्म होने तक पूरी तरह क्वारंटाइन रखा गया है।
NEET UG Re-exam परीक्षा का समय और रिपोर्टिंग गाइडलाइंस
- बढ़ा हुआ समय: इस बार एनटीए ने छात्रों को राहत देते हुए परीक्षा की अवधि में 15 मिनट की बढ़ोतरी की है। अब परीक्षा कुल 3 घंटे 15 मिनट की होगी।
- समय सारणी: परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी।
- रिपोर्टिंग टाइम: परीक्षा केंद्रों पर एंट्री सुबह 11:00 बजे से शुरू हो जाएगी और दोपहर 1:30 बजे मुख्य गेट पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा।
- जरूरी दस्तावेज: छात्रों को अपने साथ एनटीए की वेबसाइट से डाउनलोड किया गया एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र), एक वैध फोटो पहचान पत्र (जैसे पैन कार्ड, वोटर आईडी, आदि) और दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है।
NEET UG Re-exam ड्रेस कोड और प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची
एनटीए ने निष्पक्ष परीक्षा के लिए एक सख्त ड्रेस कोड लागू किया है:
- कपड़े और जूते: छात्रों को हल्के रंग के, आधी आस्तीन (हाफ स्लीव्स) वाले शर्ट या टी-शर्ट और साधारण ट्राउजर पहनकर आना होगा। जूतों की अनुमति नहीं है; केवल कम हील वाले साधारण चप्पल या सैंडल ही मान्य होंगे।
- धार्मिक पोशाक: हिजाब, पगड़ी या कृपाण जैसे धार्मिक प्रतीकों को धारण करने वाले अभ्यर्थियों को गहन सुरक्षा जांच के लिए दोपहर 12:30 बजे तक केंद्र पर पहुंचना होगा।
- क्या न लाएं: मोबाइल, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, बेल्ट, वॉलेट, आभूषण (अंगूठी, चेन) और किसी भी प्रकार के कागज या पेन-पेंसिल लाने पर पूर्ण प्रतिबंध है। पेन परीक्षा हॉल में ही उपलब्ध कराया जाएगा।
- विशेष छूट: मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित छात्रों को पूर्व सूचना के आधार पर पारदर्शी पानी की बोतल, फल और दवाइयां ले जाने की अनुमति होगी।
ये भी पढ़े: Kolkata: सशक्त समुद्री ताकत ही देश के आर्थिक और रणनीतिक प्रभाव की असली कसौटी: पीएम मोदी

