रिपोर्टर: अजीत कुमार ठाकुर
Supaul : बिहार के सुपौल जिले से एक बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई है, जहां राघोपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-106 पर हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बंधन बैंक के कर्मचारियों को अपना निशाना बनाया। अपराधियों ने पिस्तौल की नोक पर बैंक कर्मियों से 6 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
Supaul नर्दग पुल के पास घेराबंदी कर लूटी नकदी
जानकारी के अनुसार, घटना परसरमा गांव स्थित नर्दग पुल के समीप की है। बंधन बैंक की बसंतपुर मुख्य शाखा के मैनेजर और एक अन्य कर्मचारी वाहन से 6 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी बाइक अड़ाकर उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने तुरंत हथियार निकालकर वाहन के चालक अमित को नीचे उतारा और बैंक मैनेजर को जान से मारने की धमकी देते हुए रुपयों से भरा बैग छीन लिया। चेहरे पर मास्क होने के कारण अपराधी अपनी पहचान छिपाने में कामयाब रहे।
Supaul सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर उठे सवाल
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बैंक कर्मी यह बड़ी रकम लेकर वीरपुर से लौट रहे थे, लेकिन इतनी भारी नकदी को बिना किसी सुरक्षा के ले जाया जा रहा था। नियमानुसार, बड़ी धनराशि के परिवहन के दौरान स्थानीय पुलिस को सूचित करना और सुरक्षा की मांग करना अनिवार्य होता है, जिसका प्रावधान प्रशासन द्वारा किया गया है। बैंक प्रबंधन ने इस संबंध में स्थानीय पुलिस को कोई पूर्व सूचना नहीं दी थी, जिसे एक बड़ी लापरवाही के रूप में देखा जा रहा है।
Supaul घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, नाकेबंदी कर छापेमारी शुरू
वारदात की गंभीरता को देखते हुए राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय और वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सुपौल के पुलिस अधीक्षक (SP) शरथ आर.एस. ने भी खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों से पूछताछ की। एसपी ने बताया कि मामले के खुलासे और नकाबपोश लुटेरों की धरपकड़ के लिए जिले के सभी संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है और विभिन्न बिंदुओं पर वैज्ञानिक अनुसंधान जारी है।

