रिपोर्टर: प्रेम कुमार श्रीवास्तव
Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर में कला और नृत्य के क्षेत्र में स्थानीय प्रतिभाओं को तराशने के उद्देश्य से आयोजित 12 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर “प्रारंभ 2.0” का रंगारंग समापन हो गया। ‘जीत परफॉर्मिंग आर्ट्स स्टूडियो’ द्वारा आयोजित इस ग्रैंड फिनाले में नन्हे और युवा कलाकारों ने अपनी कड़ी मेहनत, तकनीकी कौशल और रचनात्मकता से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
Jamshedpur डॉ. आरती निजहावन और डॉ. मंजू सिंह ने बढ़ाया कलाकारों का हौसला
इस भव्य समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. आरती निजहावन और विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. मंजू सिंह उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और युवा कलाकारों की अद्भुत प्रस्तुतियों को देखकर उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर जैसे शहर में ऐसी कलात्मक पहल स्थानीय बच्चों के आत्मविश्वास को वैश्विक स्तर पर ले जाने का काम करती है।
Jamshedpur परफॉर्मेंस डायरेक्टर रंजीत सिंह के नेतृत्व में निखरा बच्चों का हुनर
इस 12 दिनों के गहन प्रशिक्षण शिविर का कमान परफॉर्मेंस डायरेक्टर रंजीत सिंह के हाथों में था। उनके नेतृत्व में बच्चों को न सिर्फ डांस स्टेप्स सिखाए गए, बल्कि स्टेज हैंडलिंग, बॉडी लैंग्वेज, आत्मविश्वास और कोरियोग्राफी की तकनीकी बारिकियों से भी रूबरू कराया गया।
सदा महविश और आशीष कुमार के बेहतरीन मंच संचालन (एंकरिंग) ने पूरे समारोह में समां बांधे रखा। इस वर्कशॉप को सफल बनाने में देश और क्षेत्र के कई नामचीन कोरियोग्राफर्स और मेंटर्स ने अहम भूमिका निभाई, जिनमें मुख्य रूप से रंजीत सिंह, सनी, आर-यान, राहुल, हैनकॉक, आशीष, दीपक, रेयांश, संग्राम, शुभम, अंकिता, नारायण और श्रुति शामिल थे।
Jamshedpur सिर्फ ट्रेनिंग कैंप नहीं, कला का नया मंच: मिला चौतरफा सहयोग
आयोजकों के मुताबिक, ‘प्रारंभ 2.0’ का असल मकसद जमशेदपुर और आसपास की छिपी हुई प्रतिभाओं को एक प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म देना था, ताकि वे बड़े मंचों के दबाव को आसानी से झेल सकें। इस पूरे आयोजन को तुषार इवेंट्स, सिल्वर क्रिएशंस, BAMM Official, RAW Arts, सदा महविश और प्रिया प्रधान मेकओवर जैसे प्रतिष्ठित पार्टनर्स का विशेष सहयोग मिला। ग्रैंड फिनाले के अंत में सभी बच्चों, उनके माता-पिता और दर्शकों से मिले बेहद सकारात्मक फीडबैक ने आयोजकों का उत्साह दोगुना कर दिया है।

