रिपोर्टर: ईशु कुमार
Kolkata : पश्चिम बंगाल के ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित सुरेंद्रनाथ कॉलेज से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को झकझोर कर रख दिया है। कलकत्ता में लंबे समय से सील पड़े छात्र संघ (Union Room) के एक बंद कमरे को जब खोला गया, तो वहां का नजारा देखकर कॉलेज प्रशासन और पुलिस के होश उड़ गए। बंद कमरे के भीतर से भारी मात्रा में नकदी, एक अवैध हथियार और कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की हैं। शिक्षा के मंदिर में इस तरह की संदिग्ध और अवैध गतिविधियों के खुलासे ने पूरे राज्य के प्रशासनिक और शैक्षणिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है।
Kolkata दीमकों से कुतरे नोट और छिपाकर रखी गई भारी नकदी
कॉलेज प्रशासन द्वारा चलाए गए सफाई और निरीक्षण अभियान के दौरान छात्र संघ के कमरे में रखी एक पुरानी लकड़ी की अलमारी की तलाशी ली गई। इस अलमारी से दो बड़े बक्से बरामद हुए, जो 100 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियों से ठसाठस भरे थे। बरामद कैश की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। सालों से बंद रहने के कारण इस नकदी का एक बड़ा हिस्सा दीमक खा चुके थे, जिससे साफ है कि यह काला धन बेहद लंबे समय से वहां छिपाकर रखा गया था।
Kolkata कैंपस के भीतर ऐशगाह: AC बेडरूम से लेकर शराब और रिवॉल्वर जब्त
जांच टीम को कॉलेज परिसर के भीतर केवल पैसा ही नहीं, बल्कि अवांछित ऐशो-आराम का पूरा इंतजाम मिला। छात्र संघ के अधिकार क्षेत्र वाले हिस्से से दो पूरी तरह वातानुकूलित (Air Conditioned) बेडरूम, शराब की खाली व भरी बोतलें और भारी मात्रा में कंडोम के पैकेट बरामद हुए हैं। इसके साथ ही सुरक्षा को ठेंगा दिखाते हुए कमरे से एक अवैध रिवॉल्वर भी जब्त की गई है, जिसने कॉलेज कैंपस की सुरक्षा और मर्यादा पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
Kolkata हाई कोर्ट के आदेश के बाद खुला कमरा, एडमिशन घोटाले की आशंका
गौरतलब है कि राज्य के कॉलेजों में पूर्व में हुई अप्रिय घटनाओं के बाद कलकत्ता हाई कोर्ट ने छात्र संघ के कमरों को ताला लगाने का निर्देश दिया था। हाल ही में छात्र संघ के फंड और खर्चों के ऑडिट के आदेश के बाद जब मंगलवार को इस कमरे का ताला खोला गया, तब इस पूरे काले कारनामे का पर्दाफाश हुआ। इस घटना के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और आशंका जताई जा रही है कि बरामद किया गया करोड़ों का फंड कॉलेज एडमिशन में हुए बड़े फर्जीवाड़े और भ्रष्टाचार से जुड़ा हो सकता है।
ये भी पढ़े: BAPS Hindu Mandir Abu Dhabi को मिला ‘Tolerance Award 2026’, वैश्विक सद्भाव और सहिष्णुता का बना प्रतीक

