रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : बिहार के शेखपुरा जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ बरबीघा प्रखंड के केवटी थाना क्षेत्र स्थित गंगटी गांव में घरेलू कलह से तंग आकर एक मां ने अपनी छह माह की मासूम बच्ची के साथ जहरीला पदार्थ (सल्फास) खा लिया। अस्पताल ले जाने के दौरान दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस दोहरे सुसाइड से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और गांव में मातम का माहौल है।
Sheikhpura सास-बहू के झगड़े से आहत थी मृतका, गुस्से में उठाया खौफनाक कदम
मृतका की पहचान गंगटी गांव के रहने वाले रोहित कुमार की पत्नी विभा कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, मृत बच्ची उनकी 6 महीने की बेटी अभिलाषा कुमारी थी। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को किसी बात को लेकर विभा कुमारी का अपनी सास के साथ तीखा विवाद हो गया था। इस घरेलू झगड़े से आहत और आक्रोशित होकर शारीरिक रूप से दिव्यांग विभा ने घर में रखा सल्फास खुद भी खा लिया और अपनी नन्ही सी बेटी को भी खिला दिया। तबीयत बिगड़ती देख ग्रामीण दोनों को तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
Sheikhpura 2017 में हुई थी शादी, पीछे रोते बिलखते छोड़ गई दो मासूम बेटे
परिजनों ने बताया कि मृतका विभा कुमारी की शादी वर्ष 2017 में झारखंड के पलामू जिले के एक परिवार में हुई थी। उनके पति रोहित कुमार बरबीघा प्रखंड कार्यालय के पास ही एक साइबर कैफे चलाते हैं। इस दंपति के तीन बच्चे थे, जिनमें दो बेटे और सबसे छोटी छह महीने की बेटी थी। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। खासकर 6 महीने की बेकसूर बच्ची की मौत ने स्थानीय लोगों के कलेजे को झकझोर कर रख दिया है।
Sheikhpura पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, हर एंगल से शुरू हुई तफ्तीश
घटना की जानकारी मिलते ही केवटी थानाध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मां-बेटी के शवों को अपने कब्जे में लिया और कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और वे पारिवारिक विवाद सहित घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रहे हैं ताकि मौत के असली कारणों को स्पष्ट किया जा सके।
ये भी पढ़े: Weather Update: दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बदलेगा मौसम, 5 जून तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना

