रिपोर्टर: ईशु कुमार
Sirsa : हरियाणा के सिरसा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ के नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव गुडियाखेड़ा में मंगलवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। खेतों में बने एक मकान को जैक (Jack) की मदद से ऊंचा उठाने का काम चल रहा था, तभी अचानक एक दीवार ढह गई और देखते ही देखते पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबने से उत्तर प्रदेश के एक मजदूर की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
Sirsa संतुलन बिगड़ने से भरभराकर गिरी इमारत, मलबे में दबे तीन मजदूर
हादसे के वक्त मकान के अंदर लिफ्टिंग का काम चल रहा था, तभी अचानक ढांचा असंतुलित हो गया। चीख-पुकार मचने के तुरंत बाद स्थानीय लोग, जमाल चौकी पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेसीबी की मदद से आनन-फानन में भारी मलबा हटाया गया और अंदर फंसे तीन मजदूरों को बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उत्तर प्रदेश के रायपुर क्षेत्र के रहने वाले मनोज कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मलबे से सुरक्षित निकाले गए घायल विक्की और सिद्धार्थ का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से एक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हिसार रेफर किया गया है।
Sirsa सेम प्रभावित इलाके में कमजोर नींव को ऊंचा उठाने की चल रही थी कोशिश
जानकारी के मुताबिक, यह मकान गुडियाखेड़ा गांव के निवासी आत्माराम का है, जो मुख्य गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेतों में बना हुआ है। यह पूरा इलाका सेम (नमी और जलजमाव) से प्रभावित है, जिसके कारण मकान की नींव लगातार कमजोर हो रही थी। इसी समस्या से निजात पाने के लिए मकान मालिक ने इसे जैक तकनीक से ऊंचा उठाकर नीचे भराई कराने का फैसला किया था। इस काम का ठेका अशोक कुमार नामक ठेकेदार को दिया गया था, जिसकी टीम पिछले छह दिनों से लगातार यहाँ काम कर रही थी।
Sirsa लापरवाही या तकनीकी चूक? पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
नाथूसरी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच जब जैक से मकान को ऊपर उठाया जा रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और एक तरफ की दीवार भरभराकर गिर गई। चूंकि इलाका पहले से ही सेम की वजह से दलदली और कमजोर था, इसलिए यह हादसा और घातक हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के पीछे की तकनीकी चूक या लापरवाही की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

