GiridihGiridih
Spread the love

रिपोर्टर: कैफ गद्दी

Giridih : झारखंड के गिरिडीह जिले में पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने राताबहीयार के घने जंगल से एक शातिर साइबर अपराधी को धर दबोचा है। यह ठग आम लोगों को फर्जी ई-चालान का झांसा देकर उनके बैंक खातों में सेंध लगाता था।

Giridih डीएसपी के नेतृत्व में जंगल में हुई छापेमारी

गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक (SP) को राताबहीयार क्षेत्र में कुछ साइबर अपराधियों के सक्रिय होने की पक्की खुफिया जानकारी मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर साइबर क्राइम डीएसपी आबिद खान के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से राताबहीयार जंगल में दबिश दी और संदिप कुमार मंडल नाम के आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से ठगी के काम में इस्तेमाल होने वाले दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड भी जब्त किए हैं।

Giridih ऐसे रचता था ठगी का जाल: “RTO e-Challan.apk”

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो संदिप ने अपने काम करने के शातिर तरीके (Modus Operandi) का पूरा खुलासा कर दिया। वह वाहन चालकों को ट्रैफिक नियम तोड़ने और चालान कटने का डर दिखाकर उनके मोबाइल पर एक खतरनाक लिंक “RTO e-Challan.apk” भेजता था। जैसे ही कोई घबराया हुआ व्यक्ति चालान देखने या भरने के लिए उस ऐप (APK) को डाउनलोड करता, आरोपी उसके फोन का पूरा कंट्रोल हैक कर लेता और पलक झपकते ही बैंक खाते से पैसे उड़ा लेता था।

Giridih आदतन अपराधी है संदीप, पहले भी काट चुका है जेल

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि संदिप कुमार मंडल एक पेशेवर और आदतन साइबर अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी इससे पहले भी साल 2020 में एक अन्य साइबर ठगी के मामले (साइबर थाना कांड संख्या 12/2020) में जेल की हवा खा चुका है। जमानत पर छूटने के बाद उसने फिर से यही गोरखधंधा शुरू कर दिया। फिलहाल, पुलिस ने इस नए मामले में आरोपी के खिलाफ गिरिडीह साइबर थाने में कांड संख्या 15/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।

ये भी पढ़े: Sheikhpura में सनसनीखेज वारदात: बोरे में बंद मिले दो लापता किशोरों के शव, इलाके में दहशत