NawadaNawada
Spread the love

रिपोर्टर: ऋषभ कुमार

Nawada : बिहार के नवादा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शनिवार की रात रजौली थाना क्षेत्र के अदलबीघा टोल प्लाजा के पास जमकर बवाल हुआ। अपराधियों ने आपसी रंजिश में चाकूबाजी करने के साथ-साथ अंधाधुंध फायरिंग भी की। इस जानलेवा हमले के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और स्थानीय लोग किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं।

Nawada बाजार से लौट रहे युवकों पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने बोला धावा

मिली जानकारी के अनुसार, मुरहेना गांव का रहने वाला उत्पल कांत अपने दोस्त प्रिंस कुमार के साथ शनिवार रात करीब 8:30 बजे रजौली बाजार से घर वापस आ रहा था। तभी अदलबीघा टोल के पास पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। हमलावर एक स्कॉर्पियो गाड़ी से आए थे। उन्होंने दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ चाकू से वार करना शुरू कर दिया। पीड़ित उत्पल कांत का आरोप है कि हमलावरों ने दहशत फैलाने के इरादे से दो राउंड हवाई फायरिंग भी की। फिलहाल दोनों लहूलुहान युवकों को गंभीर हालत में पावापुरी के विम्स (VIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

Nawada वर्चस्व की जंग और सोशल मीडिया पर धमकी भरा ऑडियो वायरल

घायल युवक ने गंगाबीघा गांव के रहने वाले पप्पून यादव और रविशंकर नाम के युवकों पर इस पूरे हमले को अंजाम देने का सीधा आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों की मानें तो यह पूरी वारदात इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने और गैंगवार का नतीजा है। इसी बीच, घटना के बाद का एक कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक इस वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।

Nawada वीडियो बना रहे दुकानदार का छीना मोबाइल, पुलिस जांच में जुटी

बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि जब मौके पर मौजूद एक स्थानीय चाय दुकानदार, रोहित कुमार ने इस पूरी वारदात का अपने फोन से वीडियो बनाने की कोशिश की, तो अपराधियों ने हथियार के बल पर उसका मोबाइल भी छीन लिया और फरार हो गए। इस गुंडागर्दी से स्थानीय दुकानदारों और निवासियों में भारी आक्रोश और खौफ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रजौली थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने कहा है कि पुलिस हर एक पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है और घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

ये भी पढ़े: Jamui: बिहार का ‘धनकुबेर’ इंजीनियर जिसके पास छापेमारी में मिली अरबों की अघोषित संपत्ति देखकर उड़ गए विजिलेंस के होश

You missed