BhitarwarBhitarwar
Spread the love

रिपोर्टर: सन्‍तोष सरावगी

Bhitarwar : ग्वालियर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कोशिशों से भितरवार क्षेत्र के लिए शुक्रवार का दिन एक बड़ी सौगात लेकर आया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका सिंह चौहान के निर्देशन में जिले के स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक बनाने की दिशा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार में नवनिर्मित ऑपरेशन थिएटर (OT) का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस सुविधा के शुरू होने से अब क्षेत्रीय महिलाओं को प्रसव संबंधी जटिलताओं के लिए ग्वालियर के बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

Bhitarwar विधायक मोहन सिंह राठौर ने किया ओटी का लोकार्पण

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान स्थानीय विधायक श्री मोहन सिंह राठौर ने रिबन काटकर ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन किया। उद्घाटन के मौके पर विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके घर के पास ही उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर भितरवार एसडीएम राजीव समाधिया, सीएमएचओ डॉ. सचिन श्रीवास्तव और नगर पालिका अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Bhitarwar उद्घाटन के तुरंत बाद चिकित्सकों ने बचाई जच्चा-बच्चा की जान

ओटी के शुभारंभ के कुछ ही देर बाद अस्पताल में एक गंभीर केस आया। शिवपुरी जिले के ग्राम हथेडा की निवासी कल्पना (27 वर्ष) को प्रसव पीड़ा के चलते भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने परीक्षण में पाया कि गर्भस्थ शिशु को परेशानी हो रही है और सामान्य प्रसव संभव नहीं है। देरी होने पर जच्चा-बच्चा दोनों की जान को खतरा हो सकता था। नई ओटी की सुविधा उपलब्ध होने के कारण चिकित्सकों ने तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया।

Bhitarwar डॉ. सोनम सिंह और टीम ने रचा इतिहास, सफल रहा पहला ऑपरेशन

भितरवार ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अशोक खरे के नेतृत्व में अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने इस सफल सर्जरी को अंजाम दिया। महिला चिकित्सक डॉ. सोनम सिंह, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक, डॉ. गीतिका भारद्वाज और शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. गिर्राज गुप्ता की टीम ने नर्सिंग स्टाफ गीतांजलि, छवि और छाया के सहयोग से सफल ऑपरेशन किया। वर्तमान में जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। अस्पताल की इस उपलब्धि पर स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया है।

Also Read This: Sakti: वेदांता प्लांट हादसे पर डभरा थाने में युवा कांग्रेस का हल्लाबोल, 25 मौतों पर ‘कमजोर’ FIR को लेकर पुलिस को घेरा