BokaroBokaro
Spread the love

Report by: Sanjeev Kumar

Bokaro : झारखंड के चर्चित पुष्पा हत्याकांड में माननीय उच्च न्यायालय की कड़ी नाराजगी और सख्ती के बाद बोकारो पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। कोर्ट के कड़े रुख को देखते हुए पिंडराजोरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में आज पुलिस टीम मृतका पुष्पा के माता-पिता को लेकर सदर अस्पताल पहुंची, जहां कानूनी प्रक्रिया के तहत दोनों के डीएनए (DNA) सैंपल लिए गए।

Bokaro हाईकोर्ट में आला अधिकारियों की ‘सशरीर’ मौजूदगी

इस मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज झारखंड हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान राज्य के डीजीपी (DGP), आईजी (IG), डीआईजी (DIG), बोकारो एसपी (SP), एफएसएल डायरेक्टर और एसआईटी (SIT) टीम के सभी सदस्यों को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में हाजिर होने का आदेश दिया गया था। जांच में हो रही देरी पर न्यायालय ने बेहद सख्त रुख अपनाते हुए सरकार को स्पष्ट निर्देश दिया है कि दो सप्ताह के भीतर हर हाल में डीएनए रिपोर्ट पेश की जाए।

Bokaro कोलकाता में होगा टेस्ट, रिम्स में होगा पोस्टमार्टम

न्यायालय ने जांच की पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं। बरामद किए गए नर कंकाल का पोस्टमार्टम रांची के रिम्स (RIMS) में कराने और डीएनए टेस्ट की प्रक्रिया कोलकाता की लैब में संपन्न कराने को कहा गया है। कोर्ट के इन आदेशों ने जांच एजेंसी पर दबाव बढ़ा दिया है, जिससे अब मामले में तेजी आने की उम्मीद है।

Bokaro परिजनों का आरोप और नार्को टेस्ट की मांग

एक ओर जहां पुलिस डीएनए प्रक्रिया पूरी कर रही है, वहीं दूसरी ओर पुष्पा के माता-पिता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि उन्हें केवल सैंपल देने के लिए अस्पताल लाया गया, लेकिन पुलिस ने अब तक उन्हें मौके से बरामद कपड़े या अन्य साक्ष्य नहीं दिखाए हैं ताकि वे पहचान कर सकें। दुखी माता-पिता ने मांग की है कि मामले के मुख्य आरोपी दिनेश कुमार महतो का ‘नार्को टेस्ट’ कराया जाए, क्योंकि उनका मानना है कि आरोपी सच छुपा रहा है।

Bokaro क्या है पूरा मामला?

बता दें कि पुष्पा के गायब होने और बाद में नर कंकाल बरामद होने के बाद से ही यह मामला सुर्खियों में है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके कारण साक्ष्य नष्ट होने की स्थिति पैदा हुई। अब हाईकोर्ट की दखल के बाद यह मामला एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। पुलिस का कहना है कि वे कोर्ट के आदेशों का पूरी तरह पालन कर रहे हैं और जल्द ही सच्चाई सामने होगी।

Also Read This: Roorkee: खौफनाक वारदात, दूध के बकाया पैसे मांगने पर डेयरी संचालक पर चली गोली, CCTV में कैद हुई साजिश