Crime newsCrime news
Spread the love

Crime news: जबलपुर के लॉर्डगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीताल खेल परिसर स्थित यूथ हॉस्टल में देर रात अचानक हालात बेकाबू हो गए। बताया जा रहा है कि हॉस्टल में ठहरे कुछ खिलाड़ियों और एक अधिवक्ता के बीच किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि खिलाड़ियों ने अधिवक्ता अंशुल यादव पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया।

Crime news: हॉस्टल में घुसकर की गई तोड़फोड़, एक व्यक्ति से मारपीट
वकील पर हमले की सूचना फैलते ही माहौल और तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने यूथ हॉस्टल में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान हॉस्टल में ठहरे एक अन्य व्यक्ति के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। घटना से हॉस्टल में मौजूद खिलाड़ी और कर्मचारी दहशत में आ गए।

अधिवक्ताओं की भीड़ पहुंची, पुलिस ने संभाला मोर्चा
अंशुल यादव पर हमले की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता यूथ हॉस्टल पहुंच गए। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और हालात को शांत कराया। यूथ हॉस्टल के मैनेजर रमेश परिहार ने बताया कि अचानक हुई इस घटना से हॉस्टल की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

एफआईआर दर्ज, जांच जारी
जिला अधिवक्ता संघ के सचिव सम्पूर्ण तिवारी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, एडिशनल एसपी आयुष गुप्ता ने बताया कि पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़े: MP news: ग्वालियर का स्मार्ट खेल मैदान; विकास की चमक फीकी, नशे-जुए की छांव गहराई