रिपोर्टर: रंजीत सिंह
Bhopal : मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास विभाग में एक अधिकारी के संविलियन को लेकर प्रशासनिक और कानूनी विवाद गहरा गया है। जबलपुर नगर निगम के अपर आयुक्त राहुल सिंह राजपूत, जो वर्तमान में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के विशेष सहायक के रूप में पदस्थ हैं, उन्हें राज्य सेवा में संयुक्त संचालक के पद पर स्थायी रूप से शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि, मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (पीएससी) ने स्पष्ट किया है कि पदोन्नति वाले पद पर इस प्रकार के संविलियन का कोई नियम नहीं है। दूसरी ओर, विभागीय अधिकारियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए जबलपुर हाईकोर्ट ने भी फिलहाल इस प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगा दी है।
पीएससी और वित्त विभाग ने नियमों का हवाला देकर उठाई आपत्ति
Bhopal संविलियन का आशय किसी एक सेवा के अधिकारी को स्थायी रूप से दूसरी सेवा में समाहित करने से होता है। राहुल सिंह राजपूत का मूल पद और धारणाधिकार जबलपुर नगर निगम में अपर आयुक्त का है, लेकिन मंत्री राकेश सिंह की सिफारिश के बाद उन्हें राज्य सेवा के राजपत्रित और पदोन्नति वाले पद यानी संयुक्त संचालक बनाने की फाइल आगे बढ़ाई गई।
फरवरी 2026 की विभागीय नोटशीट और अपर मुख्य सचिव (वित्त) स्तर की टिप्पणियों में इस बात पर आपत्ति दर्ज की गई कि नगर निगम सेवा और राज्य सेवा के नियम भिन्न हैं तथा पदोन्नति के पद पर संविलियन का प्रावधान नहीं है।
जून 2026 में राय मांगे जाने पर पीएससी ने भी जुलाई 2026 में स्पष्ट किया कि नियमों में इसका प्रावधान नहीं है, केवल 11 फरवरी 2008 के परिपत्र के तहत सीधी भर्ती के पदों के लिए अपवाद स्वरूप मामला मंत्रिपरिषद में रखा जा सकता है, जिसके लिए वित्त विभाग और मंत्रिपरिषद दोनों की सहमति अनिवार्य होगी।
विभागीय अधिकारियों का विरोध और हाईकोर्ट का निर्देश
Bhopal संयुक्त संचालक का पद सीधे पीएससी परीक्षा के माध्यम से चयनित विभागीय अधिकारियों की पदोन्नति के लिए निर्धारित है। ऐसे में बाहर से किसी अधिकारी के संविलियन से अपनी वरिष्ठता और पदोन्नति प्रभावित होने की आशंका के चलते उप संचालक सर्वेंद्र पांडे, देवेंद्र कुमार व्यास, शिल्पा मालेवार और सहायक संचालक अजय कुमार गोयल ने इसका विरोध किया। इन अधिकारियों ने जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका (WP 41879/2026) दायर की, जिस पर 8 अक्टूबर 2026 को जस्टिस विवेक कुमार सिंह ने आदेश दिया कि सक्षम अधिकारी 30 दिनों के भीतर याचिकाकर्ताओं के लंबित अभ्यावेदन पर नियमानुसार कारण सहित निर्णय लें। न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि अभ्यावेदन के निराकरण तक संविलियन की दिशा में कोई आगामी कार्रवाई नहीं की जाएगी।
राजपूत का सेवा रिकॉर्ड और संविलियन के पीछे दिए गए तर्क
Bhopal राहुल सिंह राजपूत 3 सितंबर 2008 को जबलपुर नगर निगम में सहायक आयुक्त नियुक्त हुए थे और 2013 में उपायुक्त तथा 20 अक्टूबर 2020 को अपर आयुक्त बने, हालांकि उनका यह पदोन्नति आदेश एसएलपी क्रमांक 13954/2016 के अंतिम निर्णय के अधीन रखा गया था। जनवरी 2024 से वे लोक निर्माण मंत्री के विशेष सहायक हैं और इससे पहले भोपाल, छिंदवाड़ा तथा सागर स्मार्ट सिटी में कार्य कर चुके हैं।
संविलियन के आवेदन में उन्होंने तर्क दिया है कि अपर आयुक्त के बाद नगर निगम में आगे पदोन्नति का अवसर नहीं है, जबकि उनकी लगभग 20 वर्ष की सेवा शेष है। इसके साथ ही उन्होंने राजस्व वसूली, स्मार्ट पार्किंग, लाखा बंजारा झील के जीर्णोद्धार, एलिवेटेड कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं में अपने योगदान और बीते 15 वर्षों के उत्कृष्ट गोपनीय प्रतिवेदनों का भी उल्लेख किया है।
ये भी पढ़े: डिंडौरी में शिक्षक से निजी काम कराने और जॉइनिंग पर घूस लेने का मामला सुर्खियों में

