रिपोर्टर: अमित श्रीवास्तव
Dindori : जिले के शहपुरा स्थित शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां प्रभारी प्राचार्य पर एक शिक्षक से निजी वाहन चलवाने तथा स्कूल में पदभार ग्रहण करने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप लगे हैं। प्रदेश के कई सरकारी विद्यालय पहले ही शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं और बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षकों के सहारे पढ़ाई की व्यवस्था संभाली जा रही है।
ऐसे में शिक्षण कार्य के लिए आए शिक्षक से कथित तौर पर निजी सेवाएं लिए जाने की घटना ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया गया है कि जिला कलेक्टर ने 6 नवंबर को इस प्रकरण की जांच के निर्देश दिए थे, लेकिन जांच प्रक्रिया के पूरा होने और ठोस नतीजों को लेकर अभी भी इंतजार बना हुआ है।
पदभार ग्रहण कराने के नाम पर रिश्वत के आरोप
Dindori जानकारी के अनुसार, जबलपुर से स्थानांतरित होकर डिंडौरी पहुंचे शिक्षक विनोद कुमार साहू ने आरोप लगाया है कि विद्यालय में जॉइनिंग देने के एवज में उनसे 20 हजार रुपये की मांग की गई। यह आरोप प्रभारी प्राचार्य वेदप्रकाश साहू और कंप्यूटर ऑपरेटर चंद्रशेखर साहू पर लगाया गया है, जिसे प्राचार्य का भांजा बताया जा रहा है। इसके अतिरिक्त एक अन्य शिक्षक से भी 5 हजार रुपये लिए जाने का दावा किया गया है, जिससे कुल राशि 25 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपों के मुताबिक, यह धनराशि किसी तीसरे व्यक्ति के बैंक खाते में डलवाई गई थी।

शिक्षण कार्य के बजाय निजी ड्राइविंग और उपस्थिति पर सवाल
Dindori पीड़ित शिक्षक विनोद कुमार साहू ने केवल रिश्वत ही नहीं, बल्कि कार्यस्थल पर उत्पीड़न और अनियमितताओं के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें कक्षा में पढ़ाने से रोका जाता था और निजी कामों में लगाया जाता था, जिसमें अपने पिता के उपचार के लिए उन्हें ड्राइवर के रूप में जबलपुर ले जाना भी शामिल है। इसके साथ ही उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था को लेकर भी आरोप सामने आए हैं कि रात 8 बजे एम शिक्षा मित्र ऐप के जरिए लॉगआउट कराया जाता था और फर्जी तरीके से हाजिरी लगाई जाती थी।
प्राचार्य की पूर्व नियुक्ति से जुड़े विवाद का जिक्र
Dindori इस प्रकरण के साथ प्रभारी प्राचार्य वेदप्रकाश साहू की पुरानी नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि उन्होंने एक गैर अनुदान प्राप्त संस्था का फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर 10 अतिरिक्त अंक हासिल किए थे। बताया जाता है कि 26 फरवरी 2005 को तत्कालीन कलेक्टर ने उनकी नियुक्ति समाप्त कर दी थी और मामला उच्च न्यायालय तक पहुंचा था, जहां यथास्थिति रखने के आदेश दिए गए थे। इसके बावजूद कथित सांठगांठ के जरिए उनकी दोबारा नियुक्ति होने और लंबे समय तक विभागीय स्तर पर कोई कार्रवाई न होने को लेकर भी चर्चा तेज है।

विरोध करने पर नोटिस, जांच समिति और मेडिकल लीव
Dindori शिक्षक विनोद कुमार साहू का दावा है कि जब उन्होंने निजी कार्य करने से मना किया, तो उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर परेशान किया गया और उन पर निराधार आरोप लगाए गए। इसके बाद उन्होंने जनसुनवाई में प्रमाणों के साथ कलेक्टर से शिकायत की, जिस पर तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर उन्हें प्रभार से हटाए जाने की बात सामने आई है, जिसके बाद वे मेडिकल लीव पर चले गए हैं, जबकि जांच के निष्कर्षों का इंतजार किया जा रहा है।
ये भी पढ़े: दतिया में बकाया वसूली न चुकाने पर 4 पूर्व सरपंचों के विरुद्ध दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी

