खंडवा में अवैध शराब अहातों पर प्रशासन का बुलडोजर, दो दिनों से जारी कार्रवाईखंडवा। शहर में नियमों को ताक पर रखकर संचालित किए जा रहे अवैध शराब अहातों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार दूसरे दिन भी कार्रवाई जारी रही। प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से शराब दुकानों से जुड़े अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।एसडीएम बजरंग बहादुर, सीएसपी अभिनव वारंगे और आबकारी विभाग के अतिरिक्त जिला अधिकारी सीएस मीणा के नेतृत्व में टीम ने अभियान चलाया। नगर निगम अमले की मौजूदगी में लोहारी नाका स्थित शराब दुकान के पास बनाए गए अवैध अहाते को जेसीबी से हटाया गया।इसके बाद टीम ने पंधाना रोड स्थित शराब दुकान का निरीक्षण किया, जहां नियम विरुद्ध बनाए गए अहाते के निर्माण को भी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। इससे पहले एक दिन पूर्व जसवाड़ी रोड स्थित शराब दुकान के पास बने अवैध निर्माण पर भी प्रशासन ने कार्रवाई की थी।एसडीएम बजरंग बहादुर के मुताबिक सांसद और विधायक के निर्देशों के तहत अवैध अहातों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने अब तक शहर में 9 अवैध अहातों को चिन्हित किया है। अधिकारियों के अनुसार चिन्हित सभी स्थानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों और शराब दुकानों के आसपास नियमों का उल्लंघन कर किए गए अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। लगातार दो दिनों से चल रहे अभियान से साफ है कि प्रशासन ने अवैध शराब अहातों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।