चौरई। शहर में चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों में चिंता बढ़ती जा रही है। अनुराग ट्रेडर्स में महज 15 दिनों के अंतराल में दूसरी बार चोरी का मामला सामने आया है। इस बार बदमाशों ने दुकान के बाहर खड़ी पिकअप को निशाना बनाया और रात के समय उसका टायर निकालकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, इससे पहले भी चोर इसी वाहन की स्टेपनी चोरी कर ले गए थे। अब दोबारा वारदात होने से व्यापारियों में नाराजगी है। चोरी की ताजा घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में बदमाश पिकअप के पास पहुंचकर उसका टायर खोलते दिखाई दे रहे हैं।
एक ही प्रतिष्ठान पर लगातार दूसरी चोरी की घटना सामने आने के बाद व्यापारियों ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पहली वारदात के बाद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से बदमाशों के हौसले बढ़े हैं।
इधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच अब व्यापारियों को पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था से राहत की उम्मीद है।
