Spread the love

गंजबासौदा। क्षेत्र में सोयाबीन की फसल में अपेक्षित फलियां नहीं बनने से किसान चिंता में हैं। फसल को हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को राहत राशि दिलाने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन दिया गया।

फूल झड़ने से फलियां नहीं बन सकीं

किसानों ने बताया कि सोयाबीन की फसल पर कीटों का प्रकोप देखने को मिला था। इससे बचाव के लिए किसानों ने खेतों में कीटनाशकों का छिड़काव किया, लेकिन कई स्थानों पर सोयाबीन के फूल झुलसने के बाद झड़ गए। इसके चलते पौधों में फलियों का विकास नहीं हो पाया और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।

किसान संघ ने मांग की है कि प्रभावित खेतों का प्रशासनिक स्तर पर सर्वे कराया जाए और नुकसान के आधार पर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।

चार सूत्रीय मांगें रखीं

ज्ञापन में सोयाबीन फसल के नुकसान का सर्वे और मुआवजा देने के अलावा चरनोई भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई। किसानों ने खाद वितरण की टोकन व्यवस्था में सुधार करने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़ी विसंगतियों को दूर कर पात्र किसानों को बीमा की राशि दिलाने की भी मांग उठाई।

भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि फसल नुकसान से किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में समय पर सर्वे और राहत उपलब्ध कराना जरूरी है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय किसान संघ के स्थानीय एवं जिला पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।